जेटली के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर, भारी मन से नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

शनिवार, 24 अगस्त 2019 (21:54 IST)
नई दिल्ली। पूर्व वित्तमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई और सभी दलों के नेताओं ने उन्हें भारी मन से श्रद्धांजलि देते हुए असाधारण सांसद, प्रशासक और अच्छा इंसान बताया।
 
जेटली का निधन दोपहर 12 बजकर 7 मिनट पर एम्स में हो गया। उनका कुछ सप्ताह से एम्स में इलाज चल रहा था। वे 9 अगस्त को एम्स में भर्ती हुए थे। उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री एवं उत्तरप्रदेश से राज्यसभा सदस्य अरुण जेटली के निधन पर शनिवार को गहरा दुःख व्यक्त किया।
 
राजभवन के एक प्रवक्ता के मुताबिक राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि अरुण जेटली एक कुशल अधिवक्ता एवं नेता थे। उन्होंने अनेक भूमिकाओं में देश की सेवा की। विधि एवं संसदीय परंपरा के उत्कृष्ट ज्ञान एवं अपनी विद्वता के कारण उन्होंने विशिष्ट पहचान बनाई।
 
योगी ने यहां जारी एक शोक संदेश में कहा कि अरुण जेटली एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थे। वे एक उत्कृष्ट वक्ता एवं संसदीय कार्यप्रणाली के जानकार थे। वे अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करते थे।
 
बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने शोक संदेश में कहा कि जेटली के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि वे बीमार थे और उनका हालचाल लेने हाल ही में मैं एम्स गई थीं। वे एक नामी वकील और अच्छे इंसान थे। देश की राजनीति में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।
 
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि अरुण जेटलीजी एक कुशल वक्ता, सफल अधिवक्ता और सौम्य राजनीतिज्ञ के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे। विनम्र श्रद्धांजलि! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वरिष्ठ भाजपा नेता के निधन पर गहरा शोक जताया।
 
मौर्य ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को प्रभावशाली प्रशासक, सर्वश्रेष्ठ वक्ता और प्रख्यात कानूनविद बताया, वहीं रावत ने जेटली को अर्थव्यवस्था, कॉर्पोरेट और कानूनी मामलों में उनकी विशेषज्ञता के लिए व्यापक तौर पर सम्मानित नेता बताया।
 
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया कि मैं पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली के असामयिक निधन की खबर सुनकर दु:खी हूं। उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि जेटली का निधन देश के लिए बड़ी क्षति है।
 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि अरुण जेटलीजी के निधन से बेहद दु:खी हूं। एक बेहतरीन सांसद एवं बेमिसाल वकील, सभी दल उनका सम्मान करते थे। भारतीय राजनीति में उनका योगदान याद किया जाएगा। उनकी पत्नी, बच्चों, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। पंजाब के मुंख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने भी जेटली के निधन पर शोक जताया।
 
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में अमृतसर सीट से जेटली को हराने वाले अमरिंदर ने ट्वीट किया कि पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटलीजी के निधन की खबर सुनकर दु:खी हूं। दु:ख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के प्रति हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।
 
खट्टर ने कहा कि पूर्व वित्तमंत्री के निधन से भारतीय राजनीति में ऐसा खालीपन पैदा हो गया है जिसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने जेटली को असाधारण सांसद और दूरदर्शी बताया।
 
चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने ट्वीट किया कि बेहद दु:खद। देश के लिए बड़ी क्षति। अरुण जेटलीजी नहीं रहे। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे अरुणजी। उन्होंने कहा कि एक बेहतरीन वक्ता, सच्चे नेता, राजनीति में सज्जन। मैं उनके बिना संसद की कल्पना नहीं कर सकती। बहुत भारी क्षति।
 
जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी जेटली के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि समय-समय पर विभिन्न मुद्दों से निपटने में विवेकपूर्ण सलाह और मानवीय रुख के लिए वे पूर्व वित्तमंत्री का आभारी रहेंगे। उन्होंने 1974 में छात्र राजनीति के दिनों से जेटली के साथ अपने करीबी संबंधों को याद किया।
 
उन्होंने जेटली द्वारा देश को दिए व्यापक योगदान और बलिदान को याद किया खासतौर से आपातकाल के दौरान जेल की उनकी सजा को। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना और नेशनल पैंथर्स पार्टी (एनपीपी) ने भी जेटली के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनके निधन से जम्मू-कश्मीर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
 
महाराष्ट्र में विभिन्न दलों ने जेटली के निधन पर शोक जताया। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने जेटली के निधन पर शोक जताते हुए इसे देश के लिए भारी क्षति बताया। राव ने जेटली को उत्कृष्ट राजनेता, विधि विद्वान, मेधावी सांसद, अप्रतिम केंद्रीय मंत्री और शानदार वक्ता बताया।
 
राकांपा के कद्दावर नेता शरद पवार ने पूर्व वित्तमंत्री को दयालु नेता बताया जबकि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि राजग को एकजुट रखने वाला स्तंभ ढह गया है। पवार ने जेटली को चतुर सांसद और दयालु नेता बताया। पूर्व कृषिमंत्री ने ट्वीट किया कि वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली के निधन से बहुत दु:खी हूं। हमने एक चतुर सांसद, उत्सुक पाठक और दयालु नेता खो दिया।
 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने जेटली के निधन को स्तब्ध करने वाला और निजी क्षति बताया। उन्होंने जेटली के निधन के मद्देनजर अपनी महाजनादेश यात्रा रविवार को 1 दिन के लिए निलंबित कर दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि अपने महान नेता अरुण जेटलीजी के निधन के बारे में जानकर स्तब्ध और बहुत दु:खी हूं। यह अधिक दु:खद है कि सुषमा स्वराजजी के बाद महज कुछ दिनों में हमने एक और बड़ा नेता खो दिया। उनके परिवार, मित्रों और करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। यह मेरे लिए निजी क्षति भी है।
 
शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि जेटली का निधन देश के लिए स्तब्ध करने वाला है। जेटली के निधन के साथ वह स्तंभ भी ढह गया जिसने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को एकजुट कर रखा था। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शोक जताते हुए कहा कि देश ने अरुण जेटली के तौर पर एक राष्ट्रवादी और प्रगतिशील नेता खो दिया है।
 
इस बीच आरएसएस ने जेटली को एक प्रतिभाशाली और विद्वान नेता के तौर पर याद किया जिन्होंने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने प्रमुख मोहन भागवत और महासचिव भैयाजी जोशी के संयुक्त बयान को ट्वीट किया जिसमें पूर्व वित्तमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता को श्रद्धांजलि दी गई।
 
बयान में कहा गया है कि प्रतिभाशाली और विद्वान नेता अब नहीं रहे। जेटली ने युवावस्था में अपना सामाजिक और राजनीतिक जीवन शुरू किया था। देश विभिन्न क्षेत्रों में विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है जिसके लिए उनका योगदान भी आवश्यक और अहम था। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
 
गुजरात में मुख्यमंत्री विजय रुपाणी समेत विभिन्न नेताओं ने राज्य से 2 बार राज्यसभा सदस्य रहे जेटली के निधन पर शोक जताया। रुपाणी ने ट्विटर पर श्रद्धांजलि में कहा कि अरुण जेटलीजी के निधन से दु:खी हूं। मैं दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करता हूं। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
 
उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, गुजरात के शिक्षा मंत्री भूपेंद्रसिंह चूडासमा, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और राकांपा नेता शंकरसिंह वाघेला, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वघानी ने भी जेटली को याद किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
 
छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनसुइया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके पूर्ववर्ती तथा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने भाजपा के कद्दावर नेता के निधन पर शोक जताया। राज्यपाल ने कहा कि यह मेरे लिए निजी क्षति है। जब जेटली राज्यसभा में विपक्ष के नेता थे तब मैं राज्यसभा सदस्य थीं। जब भी मैं अपना भाषण देती, वे हमेशा तारीफ करते और मुझे प्रेरित करते। मुझे विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर हमेशा उनका मार्गदर्शन मिला।
 
बघेल ने कहा कि जेटली का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। एक असाधारण वकील जेटली ने अपने लंबे राजनीतिक करियर के दौरान विभिन्न पदों पर सफलतापूर्वक काम करते हुए देश की सेवा की। उनके सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से अच्छे संबंध थे।
 
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने जेटली के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें एक दूरदर्शी नेता और असाधारण सांसद बताया। उन्होंने कहा कि जेटली भारतीय अर्थव्यवस्था में कई अहम सुधारों के शिल्पकार थे और नोटबंदी तथा जीएसटी जैसी कई पहल वित्तमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल की प्रमाण चिह्न रहेंगी।
 
कर्नाटक में विभिन्न दलों के नेताओं ने जेटली को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता के निधन पर शोक जताते कहा कि जेटली के असामयिक निधन से उन्हें गहरा झटका लगा है। उन्होंने हाल के वर्षों में सर्वश्रेष्ठ वित्तीय और विकास विशेषज्ञ के तौर पर भारतीय राजनीति में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
 
पूर्व प्रधानमंत्री और जद (एस) नेता एचडी देवेगौड़ा और कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्दारमैया ने जेटली को देश के सबसे बड़े नेताओं में से एक बताया। केरल के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने जेटली के निधन पर दु:ख जताया और उनके योगदानों की प्रशंसा की।
 
राज्यपाल पी. सदाशिवम ने कहा कि जेटली सक्षम प्रशासक, विधि विद्वान और स्पष्ट दूरदर्शिता के साथ सम्मानित सांसद थे। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि जेटली एक ऐसे नेता थे जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की और प्रशासन में अपनी छाप छोड़ी।
 
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने एक संदेश में देश के लिए जेटली की सेवा को याद किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी, टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी राम राव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के. लक्ष्मण ने भी जेटली के निधन पर शोक जताया।
 
आंध्रप्रदेश के राज्यपाल बिस्व भूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने जेटली के निधन पर शोक जताया। राज्यपाल ने एक संदेश में कहा कि अरुण जेटली का निधन देश के लिए भारी क्षति है। वे एक विद्वान और प्रशासनिक नेता थे जिन्होंने केंद्र में कई महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी