उच्चतम न्यायालय को मिले 4 नए न्यायाधीश, राष्‍ट्रपति ने दी मंजूरी

शुक्रवार, 2 नवंबर 2018 (13:19 IST)
नई दिल्ली। प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई ने न्यायमूर्ति हेमंत गुप्ता, न्यायमूर्ति आर सुभाष रेड्डी, न्यायमूर्ति एमआर शाह और न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी को शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इन चार न्यायाधीशों के शपथ लेने के साथ ही उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों की संख्या अब 28 हो गई है।


उच्चतम न्यायालय के कोर्ट नंबर एक में सुबह साढ़े दस बजे शपथ ग्रहण समारोह शुरू हुआ और प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई ने चारों न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। राष्ट्रपति ने गुप्ता, रेड्डी, शाह और रस्तोगी को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने के उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम की सिफारिश को गुरुवार को मंजूरी दे दी थी।

ये चारों न्यायाधीश अलग-अलग उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीश थे। न्यायाधीश गुप्ता मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे जबकि न्यायाधीश रेड्डी गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे। न्यायाधीश शाह पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रहे जबकि न्यायाधीश रस्तोगी त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे।

शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों के स्वीकृत पदों की संख्या 31 है। इन चार न्यायाधीशों की नियुक्ति के साथ ही शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या 24 से बढ़कर 28 हो गई है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी