जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाक सेना की गोलाबारी, भारत ने दिया करारा जवाब

शुक्रवार, 11 सितम्बर 2020 (11:51 IST)
जम्मू। पाकिस्तान की सेना ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास सीमावर्ती इलाकों पर भारी गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे। भारतीय सेना ने इसका करारा जवाब दिया। यह लगातार तीसरा दिन है, जब पाकिस्तानी बलों ने नियंत्रण रेखा के समीपवर्ती इलाकों को निशाना बनाया है।
 
एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुंछ जिले के मनकोट में नियंत्रण रेखा के पास बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी और मोर्टार के गोले दागकर संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन किया।
 
इससे पहले पाकिस्तानी बलों ने गुरुवार को नियंत्रण रेखा के पास छोटे हथियारों से गोलीबारी की थी और मोर्टार के गोले दागे थे।
 
उन्होंने पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास मालटी और देगवार सेक्टरों में नियंत्रण रेखा के पास बुधवार को भी गोलीबारी की थी।
 
इससे पूर्व, राजौरी के केरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना ने दो सितंबर को संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया था, जिसमें एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) शहीद हो गया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी