LOC पर कई सेक्टरों में भीषण गोलाबारी, एक जवान शहीद, भारत ने दिया करारा जवाब

सुरेश एस डुग्गर

रविवार, 14 जून 2020 (13:24 IST)
जम्मू। एलओसी पर पाक सेना कई सेक्टरों में भीषण गोलाबारी कर रही है। नतीजतन एक जवान शहीद हो गया है। 3 गंभीर रूप से जख्मी हैं। कई घर गोलाबारी के कारण ढह गए हैं। भारतीय सेना की ओर से करारी जवाबी कार्रवाई के कारण उस पार त्राहि-त्राहि मची हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार देर रात जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के कस्बा और किरनी इलाके में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन कर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक जवान शहीद हो गया, जबकि पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास तीन अन्य जवान घायल हो गए हैं। तीनों घायलों को उधमपुर स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहीद जवान की पहचान 29 वर्षीय लुंगबुई अबोनमली के तौर पर की गई है।

पाकिस्तान ने रविवार सुबह भी एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के बारामुला इलाके के रामपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। जानकारी के अनुसार आज तड़के ही पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया।  इस दौरान रामपुर सेक्टर में गोलीबारी की गई, साथ ही मोर्टार भी दागे गए। पाकिस्तानी सेना ने इस दौरान अन्य विस्फोटकों का भी इस्तेमाल किया। सेना जवाबी कार्रवाई में जुटी हुई है।

पुंछ और राजौरी जिलों में इस महीने अग्रिम चौकियों और गांवों पर पाकिस्तानी गोलीबारी में हुई यह तीसरी मौत है। अधिकारियों ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि जवाबी कार्रवाई में कोई पाकिस्तानी सैनिक हताहत हुआ है या नहीं। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर शनिवार शाम को भी कीरनी और कस्बा में सेना की चौकियों के साथ रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की थी। इसका सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलाबारी के चलते नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जो लोग खेतों में काम कर रहे थे वे सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। जानकारी के अनुसार शाम 6 बजे पाकिस्तानी सेना ने कीरनी और कस्बा सेक्टर में पहले हल्के और फिर बड़े हथियारों से गोलाबारी शुरू कर दी। इस दौरान सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी क्षेत्र को निशाना बनाया गया। इससे नियंत्रण गांव कस्बा, कीरनी, मंधारा, दिगवार तेडवां, डोकरी आदि में मोर्टार गिरने और उनके धमकों का शोर सुनाई देने लगा। पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी का सेना ने भी की जवाब दिया।
गौरतलब है कि शुक्रवार को भी पाकिस्तानी सेना ने इन्हीं क्षेत्रों में गोलीबारी की थी, जिसका सेना ने जवाब देते हुए पाकिस्तानी सेना की कई चौकियां तबाह करते हुए उनके दर्जनभर जवानों को ढेर किया था। उस नुकसान के बावजूद शनिवार को फिर गोलीबारी शुरू कर दी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी