एशियन गेम्स में पहली बार भारत ने जीते 107 पदक, खुश हुए पीएम मोदी

रविवार, 8 अक्टूबर 2023 (12:16 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई खेलों में भारतीय एथलीटों के 107 पदक जीतने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के अटूट संकल्प तथा कड़ी मेहनत ने देश को गौरवान्वित किया है।
 
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, 'एशियाई खेलों में भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि! पूरा देश इस बात से बेहद खुश है कि हमारे अद्भुत खिलाड़ी अब तक के सर्वाधिक 107 पदक लेकर आए हैं, जो पिछले 60 साल में सबसे अच्छा प्रदर्शन है।'
 
उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ियों के अटूट संकल्प, अथक भावना और कड़ी मेहनत ने देश को गौरवान्वित किया है।
 
मोदी ने कहा कि उनकी जीत ने हमें यादगार क्षण दिए हैं, हमें प्रेरित किया है और उत्कृष्टता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।
 
भारतीय खिलाड़ियों ने हांगझोउ में 107 पदक के साथ नया रिकॉर्ड कायम किया। भारत ने हांगझोउ में 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक जीते हैं। भारत ने पहली बार एशियन गेम्स में पदकों का शतक बनाया है। इससे पहले 2018 में भारत ने एशियन गेम्स में सर्वाधिक 70 पदक जीते थे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी