बिहार में जीत पर बोले PM मोदी : विकास ही रहेगा काम की कसौटी और चुनाव का आधार

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 11 नवंबर 2020 (21:50 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार विधानसभा के चुनावों और 11 राज्यों के उपचुनावों में भाजपा और एनडीए की जीत को ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ नारे की जीत बताते हुए आज कहा कि आने वाले समय में देश एवं राज्यों का विकास ही चुनाव का आधार रहने वाला है और जो यह नहीं समझेंगे उनकी जमानत भी नहीं बचेगी। पीएम मोदी ने  यहां दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भाजपा के मुख्यालय में आयोजित धन्यवाद ज्ञापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है- बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है। 


08:26 PM, 11th Nov
प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव आते हैं और जाते हैं। जय-पराजय का खेल होता रहा है। कुर्सी पर कभी ये बैठैगा, कभी वो बैठेगा...लेकिन ये मौत का खेल लोकतंत्र में कभी नहीं चल सकता है। हम लोकतंत्र को समर्पित हैं। देश ने हम पर जो भरोसा रखा है, उस भरोसे को पूर्ण करने के लिए हम प्रतिबद्ध है। हमारे इरादों पर कोई शक नहीं कर सकता। हमारे प्रयासों के प्रति कभी कोई निराश नहीं होता है।

08:24 PM, 11th Nov
मोदी ने कहा, जो लोग लोकतांत्रिक तरीकों से हमारा मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, हमें चुनौती नहीं दे पा रहे हैं, ऐसे कुछ लोगों ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या करने का रास्ता अपनाया है। देश के कुछ हिस्सों में उनको लगता है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार कर वे अपने मनसूबे पूरे कर लेंगे। मैं उन सभी से आग्रह पूर्वक समझाने का प्रयास भी करता हूं। मुझे चेतावनी देने की जरूरत नहीं है, वो काम जनता-जर्नादन करेगी।

08:15 PM, 11th Nov
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के युवाओं से आह्वान किया कि वो आगे आएं और बीजेपी के माध्यम से देश की सेवा में जुट जाएं। अपने सपनों को साकार करने के लिए, अपने संकल्पों को सिद्ध करने के लिए, कमल को हाथ में लेकर चल पड़ें।

08:14 PM, 11th Nov
ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का दायित्व और बढ़ जाता है। हमें अपनी पार्टी में भीतर के लोकतंत्र को मजबूत बनाएं रखना है। हमें अपनी पार्टी को जीवंत लोकतंत्र का जीता-जागता उदाहरण बनाना है। पार्टी हर कार्यकर्ता और हर नागरिक के लिए अवसरों का एक बेहतरीन मंच बने।

08:08 PM, 11th Nov
प्रधानमंत्री ने कहा, 21वीं सदी का भारत, एक नए मिजाज का भारत है। न हमें आपदाएं रोक सकती हैं और न ही बड़ी-बड़ी चुनौतियां। मैं एक नए भारत के उदय को देख रहा हूं। एक ऐसा भारत, जो आत्मविश्वास से भरा हुआ है, जो अपने सामर्थ्य को पहचानता है, जो अपने लक्ष्यों के प्रति सचेत है। दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। ये देश का युवा भली-भांति जानता है। परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।
 

08:02 PM, 11th Nov
मोदी ने कहा, बिहार तो सबसे खास है। अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है- बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है। बिहार में विकास के कार्यों की जीत हुई है। बिहार में सच जीता है, विश्वास जीता है! बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं! बिहार का गरीब जीता है, किसान जीता है! ये बिहार की आकांक्षाओं की जीत है, बिहार के गौरव की जीत है।

07:59 PM, 11th Nov
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की सफलता के पीछे उसका governance मॉडल है। जब लोग governance के बारे में सोचते हैं, तो भाजपा के बारे में सोचते हैं। गुजरात में भाजपा 90 के दशक से है और वहां भी इन उपचुनावों में पार्टी ने सभी सीटें जीतकर दिखाई। मध्यप्रदेश में भी भाजपा ने सीटें जोड़ी है, जबकि वहां भी हमारी सरकार इतने वर्षो से हैं। यानी देश के लोग भाजपा को ही बार बार मौका दे रहे हैं, भाजपा पर ही सबसे ज्यादा विश्वास कर रहे हैं।

07:57 PM, 11th Nov
आर्थिक सुधार हो, कृषि सुधार हों या फिर देश की सुरक्षा, शिक्षा की बात हो, नई व्यवस्थाओं की बात हो या फिर किसानों-श्रमिकों का हित, ये भाजपा ही है जिस पर देश आज सबसे ज्यादा भरोसा कर रहा है। ये भरोसा भाजपा के लिए, मेरे लिए, आपके प्रधानसेवक के लिए बहुत बड़ी पूंजी है। ये भाजपा ही है जिसके लिए जनता जनार्दन का स्नेह बढ़ता ही जा रहा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने पहले से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार में अपनी वापसी की। बिहार में 3 बार सरकार में रहने के बाद भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जिसकी सीटों में बढ़ोतरी हुई।

07:53 PM, 11th Nov
मोदी ने कहा, आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं। आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है और उनके लिए काम कर रही है। आज भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो राष्ट्रीय आकांक्षाओं के साथ ही हर क्षेत्र के गौरव को भी उतने ही गर्व के साथ अपने साथ लेकर चलती है। देश के नौजवानों को सबसे ज्यादा भरोसा किसी पर है तो वो भाजपा है। दलितों-पीड़ितों-शोषितों की अगर कोई आवाज है, तो वो भाजपा है।

07:50 PM, 11th Nov
पीएम मोदी ने कहा, देश का विकास, राज्य का विकास, आज सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी यही चुनाव का आधार रहने वाला है। जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गई है। आज देश भारतीय जनता पार्टी पर जो स्नेह दिखा रहा है, एनडीए पर जो स्नेह दिखा रहा है उसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि भाजपा ने, एनडीए ने देश के विकास को और लोगों के विकास को अपना सर्वोपरि लक्ष्य बनाया हुआ है।

07:47 PM, 11th Nov
मोदी ने कहा, 21वीं सदी के भारत के नागरिक, बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा। हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करो, देश के काम से मतलब रखो।

07:46 PM, 11th Nov
भाजपा पूर्व में जीती, मणिपुर में कमल का झंडा फहरा दिया। भारतीय जनता पार्टी पश्चिम में जीती, गुजरात में जीती। भाजपा को उत्तर प्रदेश और मध् प्रदेश में विजय प्राप्त हुई।...और भाजपा को दक्षिण में कर्नाटका-तेलंगाना में सफलता मिली।

07:44 PM, 11th Nov
इन चुनाव परिणामों में भाजपा को NDA को अपार जनसमर्थन मिला है। इसके लिए भाजपा, NDA के लाखों कार्यकर्ता भाइयों-बहनों को जितनी बधाई दूं उतनी कम है। मैं हर कार्यकर्ता और उनके परिवार जनों को हृदय से बधाई देता हूं।

07:43 PM, 11th Nov
कोरोना के इस संकट काल में ये चुनाव कराना आसान नहीं था। लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त हैं, पारदर्शी हैं, कि इस संकट के बीच भी उन्होंने इतना बड़ा चुनाव कराकर दुनिया को भी भारत के ताकत की पहचान करा दी है।

07:42 PM, 11th Nov
चुनाव भले ही कुछ सीटों और कुछ क्षेत्रों पर हुआ हो लेकिन कल सुबह से लेकर देर रात तक पूरे देश की नजरें टीवी, सोशल मीडिया और चुनाव आयोग की वेबसाइट पर थीं। लोकतंत्र के प्रति हम भारतीयों की जो आस्था है उसकी मिशाल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलती।

07:39 PM, 11th Nov
मोदी का संबोधन : मैं आज आभार व्यक्त करता हूं महान देश की महान जनता का। मैं आज धन्यवाद अर्पित करता हूं देश के कोटि-कोटि नागरिकों का। धन्यवाद इसलिए नहीं कि उन्होंने चुनावों में भाजपा को इतनी बड़ी सफलता दी है, इसके तो वो हकदार हैं ही। धन्यवाद इसलिए क्योंकि लोकतंत्र के इस महान पर्व को हम सभी ने मिलकर बहुत उत्साह से मनाया है। 

07:05 PM, 11th Nov
गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी कार्यालय पहुंचे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‍डा संबोधित कर रहे हैं। मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी