प्रियंका गांधी वाड्रा का कल्याण होगा, हनुमानजी का आशीर्वाद लिया है

शनिवार, 6 अप्रैल 2019 (17:35 IST)
संत कबीर नगर। अयोध्या हनुमान गढ़ी के महंत एवं राम मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख संत महंत ज्ञान दास ने कहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने अयोध्या आकर हनुमानजी का दर्शन किया इससे उनका कल्याण होगा। 
 
महंत ज्ञान दास ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के ककरहिया गांव में आयोजित शांति यज्ञ में भाग लेने आने के दौरान वरिष्ठ सपा नेता जयराम पांडेय के खलीलाबाद स्थित आवास पर मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर न बनने का उन्हें और साधु-संतों को अपार कष्ट है। 
 
महंत ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अयोध्या आकर हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। भगवान हनुमान सबका कल्याण करते हैं।
 
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी से उनकी कोई मुलाकात नहीं है। उन्होंने हनुमान जी के दर्शन किए हैं, उनका कल्याण होगा। जो भी हनुमानजी के दर्शन करता है, उसका कल्याण होता है। संत समाज चुनाव में किसका समर्थन करेगा के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम साधु हैं हमें राजनीति से कोई मतलब नहीं है। हम चाहते हैं कि जो भी सरकार बने वह जनता के हित में काम करे। 
 
राम मंदिर विवाद के समाधान के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित मध्यस्थता समिति के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह न्यायालय पर टिप्पणी नहीं कर सकते हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी