सोनिया गांधी ने किया महिला आरक्षण बिल का समर्थन, बताया राजीव गांधी का सपना

बुधवार, 20 सितम्बर 2023 (12:02 IST)
Women Reservation Bill : कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए कहा कि 13 साल से महिलाएं भागीदारी का इंतजार कर रही हैं। कांग्रेस की मांग है कि बिल को तुरंत अमल में लाया जाए। बिल में देरी करना महिलाओं से नाइंसाफी होगी। 
 
सोनिया गांधी ने कहा कि मैं एक सवाल पूछना चाहती हूं देश की स्त्रियां अपनी राजनीतिक ज़िम्मेदारी का इंतजार कर रही हैं लेकिन अभी भी इसके लिए उन्हें कितने वर्ष इंतज़ार करना होगा? 
 
उन्होंने सरकार से जातिगत जनगणना तुरंत कराने की मांग की। उन्होंने OBC, SC, ST महिलाओं को आरक्षण देने की भी मांग की।
 
सोनिया गांधी ने कहा कि ये मेरे पति राजीव गांधी का सपना था। बाद में पीएम पीवी नरसिम्हा राव की सरकार ने ही उसे पारित कराया था। आज उसी का नतीजा है कि देशभर के स्थानीय निकायों के जरिए हमारे पास 15 लाख चुनी हुई महिला नेता हैं। राजीव गांधी का सपना अभी तक आधा ही पूरा हुआ है। इस बिल के पारित होने के बाद यह सपना पूरा होगा।

उन्होंने कहा कि भारत की स्त्री के हृदय में महासागर जैसा धीरज है। उसने खुद के साथ हुई बेईमानी की शिकायत नहीं की और सिर्फ अपने फायदे के बारे में कभी नहीं सोचा। उसने नदियों की तरह सबकी भलाई के लिए काम किया है और मुश्किल वक्त में हिमालय की तरह अडिग रही।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी