श्रीलंका ने तमिलनाडु के 36 मछुआरों को किया गिरफ्तार, राजनीतिक दलों ने की कड़ी निंदा

बुधवार, 16 दिसंबर 2020 (16:16 IST)
चेन्नई। श्रीलंकाई नौसेना ने करीब 8 माह के अंतराल के बाद भारतीय मछुआरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु के 36 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है।  राज्य के विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।

श्रीलंका ने इन मछुआरों को गत मंगलवार को श्रीलंका के अधिकार क्षेत्र वाले पानी में मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया। इस बीच राज्य के विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मछुआरों की रिहाई के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।

इन मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना और तटरक्षक बल के एक विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि ये मछुआरे कई नावों पर सवार होकर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा को पार कर श्रीलंका के अधिकार क्षेत्र वाले पानी में मछली पकड़ रहे थे।

इनमें से 22 मछुआरों को डेल्फ्ट द्वीप के पास समुद्र में गिरफ्तार किया तथा उनकी तीन नावों को जब्त कर लिया गया है। इसी प्रकार 14 अन्य मछुआरों को मन्नार की खाड़ी में गिरफ्तार किया गया तथा उनकी दो नौकाएं जब्त कर ली गई हैं।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी