Weather update : दिल्‍ली में नहीं मिली गर्मी से राहत, कई राज्‍यों में भारी बारिश की चेतावनी

गुरुवार, 2 जुलाई 2020 (09:28 IST)
नई दिल्ली। अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों, कोंकण गोवा, हरियाणा, तटीय कर्नाटक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की तो कहीं भारी बारिश का अनुमान है। वहीं दूसरी ओर दिल्ली में लोग भारी गर्मी और उमस से बेहाल हैं। अगले तीन-चार दिनों तक यहां बारिश की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार, लक्षद्वीप, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, दक्षिणी राजस्थान, दक्षिणी गुजरात, ओडिशा के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत और उत्तराखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर बिहार में मानसून 3 जुलाई तक सक्रिय रहेगा। यहां बारिश के साथ ही वज्रपात की भी संभावना जताई है। इसके साथ ही मध्य भारत में मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। पश्चिमी तटीय इलाकों में बारिश की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही है। महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और गोवा के तटीय भागों में खासतौर पर बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं।

केरल और दक्षिण तमिलनाडु में बारिश की संभावना कम है, हालांकि कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। उत्‍तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय होगा और तीन-चार दिन लगातार कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश की संभावना है। इससे उमसभरी गर्मी से निजात मिलेगी।

असम में लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया है। राज्य में बाढ़ और भूस्खलन के चलते और सात लोगों की मौत हो गई है। अब तक इससे जुड़े हादसों में 33 लोगों की जान जा चुकी है। पटना सहित बिहार के ज्यादातर जिलों में आज दोपहर बाद बारिश के आसार हैं। कई जगहों पर बिजली चमकने और वज्रपात के भी आसार हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, दक्षिणी गुजरात, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं हल्की तो कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी