Weather Update : पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, 2 दिन इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 25 फ़रवरी 2024 (08:27 IST)
Weather Update 25  february : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 फरवरी तक उच्‍च पर्वतीय इलाकों जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की चेतावनी दी है। उत्‍तर भारत के मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने हो सकती है। वहीं दक्षिण भारत के कई राज्‍यों में तापमान में वृद्धि देखी जा सकती है।
 
मध्‍य भारत के अनेक इलाकों में 26 और 27 फरवरी को अच्‍छी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी-तूफान चलने की भी आशंका है। कहीं कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
 
हिमाचल को नहीं मिली बर्फबारी से राहत : हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड से जूझ रहे लोगों को कोई राहत नहीं मिली क्योंकि जनजातीय क्षेत्रों और ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी के बाद अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। निचार में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। इसके बाद कल्पा में 7.8 सेमी, सांगला में 2.8 सेमी, पूह में 0.6 सेमी जबकि शिमला और कुफरी में भी मामूली बर्फबारी हुई।

ALSO READ: Weather Update : हिमाचल के मनाली और डलहौजी में बर्फबारी, शीतलहर से कोई राहत नहीं
स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय ने 25 फरवरी से एक मार्च तक ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कई स्थानों पर बर्फबारी का अनुमान जताया है। इसके अलावा 26, 27 और 29 फरवरी को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर जबकि एक मार्च को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है क्योंकि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 26 फरवरी से हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
 
राजस्थान में बारिश का संभावना : एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26-27 फरवरी को राजस्थान के कुछ भागों में बादल छाए रहने व कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है।
 
मौसम केंद्र की ओर से बताया गया कि एक और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के 1-2 मार्च से सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से मार्च के प्रथम सप्ताह में राज्य के कुछ भागों में मेघगर्जन और कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
 
इस बीच बीते चौबीस घंटे में राज्य में न्यूनतम तापमान संगरिया में 5.2 डिग्री सेल्सियस, जालोर में 6.2 डिग्री सेल्सियस, करौली में 6.5 डिग्री सेल्सियस, माउंट आबू व फतेहपुर में 8.7 डिग्री सेल्सियस तथा गंगानगर में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
इन राज्यों में भी बारिश की संभावना : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ ही बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार, उत्तरप्रदेश और दिल्ली में भी बारिश के आसार है। मध्यप्रदेश में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, सागर, रीवा समेत कई शहरों में 26 और 27 फरवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग में ओलावृष्‍टि की आशंका हैै।
 
दिल्ली में क्या है मौसम का हाल : IMD के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
 
मौसम विभाग कार्यालय ने राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान के क्रमशः 26 डिग्री सेल्सियस और 9 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
Edited by : Nrapendra Gupta 
Photo courtsey : India Meteorological Department

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी