जम्मू कश्मीर के पुलवामा में मुठभेड़, 3 आतंकी ढेर

बुधवार, 9 दिसंबर 2020 (12:49 IST)
श्रीनगर। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार को घेराबंदी और तलाश अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 3 आतंकवादी मारे गए जबकि एक नागरिक घायल हो गया।
 
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह ने टिकेन गांव में सुबह अभियान छेड़ा।
 
सुरक्षा बल के जवान गांव में एक लक्षित इलाके की ओर बढ़ रहे थे, तभी वहां छुपे आतंकवादियों ने स्वाचालिक हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलायी। दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ में 3 आतंकवादी मारे गए हैं।
 
उन्होंने बताया कि गोली लगने से एक नागरिक सादिक लोन घायल हो गया , जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक मुठभेड़ जारी था।
 
इस बीच किसी प्रकार की अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए ऐहतियात के तौर पर प्रशासन ने पुलवामा में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी है। कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी