उत्तराखंड के बागेश्वर उपचुनाव में BJP की जीत, पार्वती दास ने कांग्रेस के बसंत कुमार को हराया

एन. पांडेय

शुक्रवार, 8 सितम्बर 2023 (22:19 IST)
Bageshwar By election Result : उत्तराखंड की बागेश्वर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार पार्वती दास ने कांग्रेस के बसंत कुमार को 2405 वोटों से हरा दिया है। कुमाऊं मंडल की इस सीट पर उपचुनाव 5 सितंबर को हुए थे, जिसमें 55.44 फीसदी मतदान हुआ था। 2 दशकों से इस विधानसभा सीट पर भाजपा जीत दर्ज करती आई है। हालांकि भाजपा 2022 के प्रदर्शन को दोहरा पाने में असफल रही है।

बीते 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा के चंदन राम दास ने कांग्रेस के रंजीत दास को करीब 11 हजार के अंतर से हराया था। परिवहन मंत्री रहे भारतीय जनता पार्टी के विधायक चंदन राम दास का इस साल अप्रैल में बीमारी से निधन हो जाने के कारण ये सीट रिक्त हुई थी।

भाजपा ने उनकी मौत से सहानुभूति पाने के लिए उनकी पत्नी को ही इस सीट पर चुनाव में उतारा था। इस रिक्त सीट पर उप चुनाव कराए जाने पर कुल पांच प्रत्याशी यहां से उपचुनाव में भाग्य आजमाने मैदान में आए, लेकिन मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल भाजपा और विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बीच हुआ।

भाजपा ने चंदन राम दास की पत्नी पार्वती दास को चुनाव मैदान में उतारा, जबकि कांग्रेस ने उनके विरुद्ध बसंत कुमार को टिकट दिया। बसंत कुमार ने 2022 में पिछला विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट पर लड़ा था और उपचुनाव से ऐन पहले आप का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था।

भाजपा और कांग्रेस के अलावा, समाजवादी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने भी अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे। पहले राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार 754 वोटों से आगे चल रहे थे। इसके बाद दूसरे राउंड में पार्वती दास बसंत कुमार से आगे निकलने लगीं।

तीसरे राउंड में भाजपा, कांग्रेस प्रत्याशी से एक वोट आगे निकल गई।इसके बाद भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास धीरे-धीरे निर्णायक बढ़त बनाती चली गईं। राज्य में सत्ताधारी भाजपा के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है। हालांकि 2022 की तुलना में भाजपा की जीत का अंतर घट जाना उसके लिए चिंता का कारण भी माना जा रहा है।
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी