जगन मोहन का देश में पहला प्रयोग, आंध्रप्रदेश में होंगे 5 डिप्टी CM

शुक्रवार, 7 जून 2019 (13:55 IST)
अमरावती। आंध्रप्रदेश में जातीय संतुलन बनाने के उद्देश्य से मुख्‍यमंत्री जगन मोहन रेड्‍डी ने राज्य में 5 उपमुख्‍यमंत्री बनाने का निर्णय किया है। भारत में इस तरह का यह पहला प्रयोग है। राज्यों में 2 डिप्टी सीएम तो पहले भी बनाए जाते रहे हैं।
 
वाईएसआर कांग्रेस के प्रमुख और राज्य के मुख्‍यमंत्री जगन मोहन रेड्‍डी ने शुक्रवार को फैसला किया कि उनके 25 सदस्यीय मंत्रिमंडल में 5 उपमुख्‍यमंत्री होंगे। नए मंत्रिमंडल का गठन शनिवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में किया जाएगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और कापू समुदायों से एक-एक उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
 
उन्होंने अपने विधायकों को यह भी बताया कि कैबिनेट में मुख्य रूप से कमजोर वर्गों के सदस्य होंगे जबकि अपेक्षा यह की जा रही थी कि रेड्डी समुदाय को मंत्रिमंडल में मुख्य स्थान मिलेगा। रेड्डी ने बताया कि ढाई साल बाद सरकार के प्रदर्शन की समीक्षा के पश्चात फिर से मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाएगा।
 
इससे पहले एन चंद्रबाबू नायडू की सरकार में कापू और पिछड़ा समुदायों का एक-एक उप मुख्यमंत्री बनाया गया था। जगन के इस फैसले को एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है, जिसका मकसद इन समुदायों को साधे रखना है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी