पश्चिम बंगाल : संजय राउत ने किया ऐलान, शिवसेना आगामी विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरेगी

रविवार, 17 जनवरी 2021 (23:06 IST)
मुंबई/ कोलकाता। शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि पार्टी ने पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा लड़ने का निर्णय किया है। राउत ने कहा कि चुनाव लड़ने का यह निर्णय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के साथ चर्चा करने के बाद किया गया।
 
राउत ने ट्वीट किया कि एक बहुप्रतीक्षित जानकारी है। पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ चर्चा के बाद शिवसेना ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय किया है। हम जल्द ही कोलकाता पहुंच रहे हैं...। जय हिंद, जय बांग्ला।’ उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि शिवसेना पश्चिम बंगाल में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शिवसेना महाराष्ट्र में राकांपा और कांग्रेस के साथ मिलकर सत्ता में है। तीनों दलों ने महाविकास आघाडी गठबंधन बनाया है।
 
वाम मोर्चा, कांग्रेस के बीच जनवरी के अंत तक सीटों का समझौता : पश्चिम बंगाल में ‘सांप्रदायिक’ भाजपा और ‘फासीवादी’ तृणमूल कांग्रेस से साथ मिलकर लड़ने का संकल्प जताते हुए वाम मोर्चा और कांग्रेस ने रविवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए इस महीने के अंत तक उनके बीच सीट बंटवारे पर समझौते को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने बैठक के बाद कहा कि उनकी पार्टी और वाम मोर्चा के बीच सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए आगे भी बैठक होगी। दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच सीट बंटवारे पर समझौता के लिए आज बैठक हुई।

वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस ने कहा कि हालांकि ‘भाजपा देश की सबसे बड़ी दुश्मन है’ लेकिन पश्चिम बंगाल की स्थिति को देखते हुए लड़ाई तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों के खिलाफ है। चौधरी ने कांग्रेस और वाम मोर्चा के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक तरफ सांप्रदायिक भाजपा और दूसरी तरफ फासीवादी टीएमसी को हराने के लिए हमें लोकतांत्रिक गठबंधन के तौर पर मिलकर लड़ना होगा। (इनपुट भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी