दुनिया से जाने के बाद आपके पितरों की कैसी रही होगी गति?

अनिरुद्ध जोशी

शनिवार, 21 सितम्बर 2019 (15:33 IST)
गति बहुत महत्वपूर्ण है। गति होती है ध्वनि कंपन और कर्म से। यह दोनों ही स्थिति चित्त का हिस्सा बन जाती है। कर्म, विचार और भावनाएं भी एक गति ही है, जिससे चित्त की वृत्तियां निर्मित होती है। योग के अनुसार चित्त की वृत्तियों से मुक्ति होकर स्थिर हो जाना ही मोक्ष है। लेकिन यह चित्त को स्थिर करना आम लोगों के बस की बात नहीं। ऐसे में वे जब देह छोड़ते हैं तो किस गति में जाते हैं आओ यह जानते हैं।
 
 
मरने के बाद आत्मा की तीन तरह की गतियां होती हैं- 1. उर्ध्व गति, 2. स्थिर गति और 3. अधोगति। इसे ही अगति और गति में विभाजित किया गया है।
ALSO READ: ये तीन बातें सीख लीं तो आपकी कोई मृत्यु नहीं
1. अगति : अगति में व्यक्ति को मोक्ष नहीं मिलता है उसे फिर से जन्म लेना पड़ता है। अगति के चार प्रकार है- 1.क्षिणोदर्क, 2.भूमोदर्क, 3. अगति और 4.दुर्गति।
 
 
*क्षिणोदर्क : क्षिणोदर्क अगति में जीव पुन: पुण्यात्मा के रूप में मृत्यु लोक में आता है और संतों सा जीवन जीता है।
*भूमोदर्क : भूमोदर्क में वह सुखी और ऐश्वर्यशाली जीवन पाता है।
*अगति : अगति में नीच या पशु जीवन में चला जाता है।
*दुर्गति : गति में वह कीट, कीड़ों जैसा जीवन पाता है।
 
2. गति : गति में जीव को किसी लोक में जाना पड़ता है। गति के अंतर्गत चार लोक दिए गए हैं: 1.ब्रह्मलोक, 2.देवलोक, 3.पितृलोक और 4.नर्कलोक। जीव अपने कर्मों के अनुसार उक्त लोकों में जाता है।
 
 
*ब्रह्मलोक : यहां वही व्यक्ति पहुंचता है जिसने योग और ध्यान करके मोक्ष प्राप्त किया है।
*देवलोक : यहां पर पुण्‍यात्मा ही पहुंचती है। कुछ काल रहने के बाद उसे पुन: मनुष्‍य योनि में जन्म लेना होता है।
*पितृलोक : यहां पर भी पुण्‍यात्मा ही पहुंचती है जहां वह अपने पितरों के साथ सुखपूर्वक समय बिताकर पुन: जन्म लेती है।
*नर्कलोक : यहां पर पानी या दुष्‍कर्मी आत्माएं ही पहुंचती है। वे भी यहां कुछ काल रहने के बाद पुन: किसी भी योनि में जन्म ले लेती है।
 
पुराणों अनुसार आत्मा तीन मार्ग के द्वारा उर्ध्व (उर्ध्व गति) या अधोलोक (अधोगति) की यात्रा करती है। ये तीन मार्ग है- 1.अर्चि मार्ग, 2.धूम मार्ग और 3.उत्पत्ति-विनाश मार्ग।
 
*अर्चि मार्ग ब्रह्मलोक : अर्चि मार्ग ब्रह्मलोक और देवलोक की यात्रा के लिए है।
*धूममार्ग पितृलोक : धूममार्ग पितृलोक की यात्रा के लिए है।
*उत्पत्ति-विनाश मार्ग : उत्पत्ति-विनाश मार्ग नर्क की यात्रा के लिए है। यह यात्रा बुरे सपनों की तरह होती है।
 
 
जब भी कोई मनुष्य मरता है और आत्मा शरीर को त्याग कर उत्तर कार्यों के बाद यात्रा प्रारंभ करती है तो उसे उपरोक्त तीन मार्ग मिलते हैं। उसके कर्मों के अनुसार उसे कोई एक मार्ग यात्रा के लिए प्राप्त हो जाता है।
शुक्ल कृष्णे गती ह्येते जगतः शाश्वते मते ।
एकया यात्यनावृत्ति मन्ययावर्तते पुनः ॥- गीता
 
भावार्थ : क्योंकि जगत के ये दो प्रकार के- शुक्ल और कृष्ण अर्थात देवयान और पितृयान मार्ग सनातन माने गए हैं। इनमें एक द्वारा गया हुआ (अर्थात इसी अध्याय के श्लोक 24 के अनुसार अर्चिमार्ग से गया हुआ योगी।)- जिससे वापस नहीं लौटना पड़ता, उस परमगति को प्राप्त होता है और दूसरे के द्वारा गया हुआ (अर्थात इसी अध्याय के श्लोक 25 के अनुसार धूममार्ग से गया हुआ सकाम कर्मयोगी।) फिर वापस आता है अर्थात्‌ जन्म-मृत्यु को प्राप्त होता है॥26॥
 
 
देवयान और पितृयान : पहला जन्म साधारण जन्म है। पिता की मृत्यु के उपरांत पुत्र में ओर पुत्र के बाद पौत्र में जीवन की जो निरंतरता बनी रहती है उसे दूसरे प्रकार का जन्म माना गाया है। मृत्युपरांत पुनर्जन्म तीसरे प्रकार का जन्म है।
 
कौशीतकी में ऐसे व्यक्तियों का उल्लेख है जो मृत्यु के पश्चात् चंद्रलोक में जाते हैं और अपने कार्य एवं ज्ञानानुसार वर्षा के माध्यम से पृथ्वी पर कीट पशु, पक्षी अथवा मानव रूप में जन्म लेते हैं। अन्य मृतक देवयान द्वारा अग्निलोक में चले जाते हैं।
 
 
छांदोग्य के अनुसार ज्ञानोपार्जन करने वाले भले व्यक्ति मृत्युपरांत देवयान द्वारा सर्वोच्च पद प्राप्त करते हैं। पूजापाठ एवं जनकार्य करने वाले दूसरी श्रेणी के व्यक्ति रजनी और आकाश मार्ग से होते हुए पुन: पृथ्वी पर लौट आते हैं और इसी नक्षत्र में जन्म लेते हैं। श्राद्ध कर्म से मृतकों को सहायता मिलती है और वह सद्गति प्राप्त कर लेते हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी