एशियन गेम्स में छठे दिन नौकायन में दो कांस्य पदक के बाद भारत ने जीता गोल्ड

शुक्रवार, 24 अगस्त 2018 (10:29 IST)
जकार्ता। एशियाई खेलों में छठे दिन भारतीय खिलाड़ी दुष्यंत ने पुरुषों के नौकायन लाइटवेट एकल स्कल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। दूसरी ओर रोहित कुमार और भगवान सिंह ने लाइटवेट डबल स्कल्स में कांस्य पदक जीता, जबकि भारत की रोइंग मेन्स टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत के खाते में एक और स्वर्ण जोड़ा।
 
 
भारत को इंडोनेशिया में जारी 18वें एशियाई खेलों में छठे दिन शुक्रवार को नौकायन स्पर्धा से पहला स्वर्ण पदक हासिल हुआ। स्वर्ण सिंह, भोनाकल दत्तू, ओम प्रकाश और सुखमीत सिह की टीम ने नौकायन में पुरुषों की क्वाड्रपल स्कल्स टीम स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया। उन्होंने 6 मिनट 17.13 सेकंड का समय लेते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा का रजत पदक इंडोनेशिया और कांस्य पदक थाईलैंड ने जीता।
 
 
इस जीत के बाद भारत के पदकों की कुल संख्या 21 हो गई है। साथ ही यह भारत का 5वां स्वर्ण पदक है।
 
 
इससे पहले पुरुष लाइटवेट सिंगल्स में दुष्यंत ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने 7 मिनट 18 सेकंड के समय के साथ पदक पक्का किया। इसके ठीक बाद ही लाइटवेट डबल स्कल्स में रोहित कुमार और भगवान सिंह ने भी कांस्य जीता। दोनों ने रेस पूरी करने के लिए 7 मिनट 4 सेकंड का समय लिया। इसी के साथ एशियाई खेलों में 5 गोल्ड मेडल के साथ भारत की कुल पदक संख्या 21 पहुंच गई है।
 
 
दुष्यंत के लिए एशियाई खेलों में उनका दूसरा कांस्य पदक है। उन्होंने 2014 में इंचियॉन में भी कांस्य पदक जीता था। 300 मीटर एयर रायफल शूटिंग में भारत के अमित कुमार और हरजिंदर सिंह चुनौती पेश कर रहे हैं। दूसरी तरफ तैराकी के हीट राउंड में छठा स्थान हासिल कर भारत के संदीप सेजवाल फाइनल राउंड में पहुंच गए हैं। (एजेंसी)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी