रेप आरोपों में फंसे क्रिस्टियानो रोनाल्डो को 72 अरब का नुकसान?

मंगलवार, 9 अक्टूबर 2018 (17:25 IST)
पेरिस। जुवेंटस फारवर्ड और इन दिनों कथित बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस बार भी वर्ष के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर के लिए दिए जाने वाले प्रतिष्ठित बैलन डी ओर अवार्ड के लिए नामित 30 खिलाड़ियों में शामिल हैं।
 
 
फ्रांस फुटबॉल मैगजीन द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित बैलन डी ओर अवार्ड के लिए जारी सूची में इस बार 30 खिलाड़ियों का नाम है। पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो पिछले दो बार से यह पुरस्कार जीत रहे हैं और कुल पांच बार यह ट्रॉफी अपने नाम कर चुके हैं। हालांकि इस बार रोनाल्डो के नाम को लेकर चर्चा अलग विषयों से है क्योंकि वह पिछले कुछ समय से कथित बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे हैं। 
 
33 वर्षीय फुटबॉलर ने इन आरोपों से इंकार किया है लेकिन इसके चलते नाइकी स्पोर्ट्स वीयर बनाने वाले उनके सबसे बड़े प्रायोजक ने रोनाल्डो के साथ करार समाप्त करने के संकेत देकर उन्हें चिंता में डाल दिया है। एक अनुमान के मुताबिक रोनाल्डो को इस करार के टूटने से करीब 72 अरब का नुकसान हो सकता है। वहीं फीफा ने भी अपनी वेबसाइट से रोनाल्डो की तस्वीर को हटा दिया है जबकि वीडियो गेम बनाने वाली कंपनी ने भी पुर्तगाली फुटबॉलर पर लगे आरोपों को लेकर चिंता जताई है। 
रोनाल्डो के अलावा बार्सिलोना स्टार लियोनल मैसी भी हमेशा की तरह सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर के पुरस्कार के लिए होड़ में हैं। रोनाल्डो और मैसी पिछले कई वर्षों से यह खिताब अपने नाम कर रहे हैं। हालांकि यूरोपियन चैंपियन रियाल मैड्रिड के 8 खिलाड़ी इस बार होड़ में इन दोनों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं जिनमें क्रोएशिया के मिडफील्डर लुका मोडरिच और वेल्स फारवर्ड गारेथ बेल शामिल हैं। 
 
मोडरिच ने रूस फीफा विश्वकप में गोल्डन बॉल अवार्ड जीता था और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे थे। क्रोएशिया फ्रांस से हारकर उपविजेता रहा था। मोडरिच गत माह फीफा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुने गए थे। वहीं बेल ने लीवरपूल के खिलाफ चैंपियंस लीग फाइनल में दो गोल किए थे। 
 
फ्रांस के विश्वकप विजेता पॉल पोग्बा, एन गोलो कांते, एंटोनी ग्रिजमैन, काइलन एमबापे, राफेल वराने, कप्तान ह्यूगो लोरिस भी इस बार अवार्ड के लिए नामित किए गए हैं। खेल पत्रकारों के पैनल ने इन खिलाड़ियों का चयन किया है। दिलचस्प है कि वर्ष 1956 से दिए जा रहे इन पुरस्कारों में पहली बार महिलाओं को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इस बार 15 खिलाड़ियों की सूची में से विजेता को चुना जाएगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी