Uttar Pradesh by-election results : 2 सीटों पर भाजपा को मिली जीत, 4 पर आगे, 1 सीट सपा के खाते में

मंगलवार, 10 नवंबर 2020 (19:12 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा के 2 प्रत्‍याशी विजयी घोषित हुए जबकि 4 प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। 1 सीट समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के हिस्से में आई है। इन सीटों पर 3 नवंबर को उपचुनाव हुए थे। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान इनमें से 6 भाजपा और एक सपा के हिस्से में आई थीं।
ALSO READ: By-election results 2020 । मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनाव परिणाम 2020
मंगलवार शाम सवा छ: बजे निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक बांगरमऊ और देवरिया सीटों पर भाजपा को जबकि मल्‍हनी सीट पर सपा को जीत मिली है। उन्‍नाव जिले की बांगरमऊ सीट पर भाजपा के श्रीकांत कटियार ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की आरती बाजपेयी को 31,398 मतों से जबकि देवरिया में भाजपा के सत्‍यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के ब्रह्मशंकर त्रिपाठी को 20,089 मतों से पराजित किया है। मल्हनी सीट पर समाजवादी पार्टी के लकी यादव ने 4,632 मतों से निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह को पराजित किया है।
ALSO READ: Live Commentary : बिहार में रोमांचक मुकाबला, लाइव अपडेट
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक बुलंदशहर में भाजपा की उषा सिरोही बसपा के मो यूनुस से 21,609 वोटों से आगे हैं, वहीं टूंडला में भाजपा के प्रेमपाल सिंह धनगर सपा के महाराज सिंह डांगर से 15,698 वोटो से आगे हैं। घाटमपुर सीट पर भाजपा के उपेंद्र नाथ पासवान कांग्रेस के डाक्‍टर कृपा शंकर से 23,820 वोटों से आगे हैं।
 
नौगांव सादात सीट पर समाजवादी पार्टी के जावेद अब्बास एक बार पिफर आगे चल रहे थे लेकिन यहां से भाजपा की संगीता चौहान ने बढ़त बनाते हुए उन्‍हें 463 मतों से पीछे कर दिया। यह सीट योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री रहे पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन के बाद रिक्त हुई थी और अब भाजपा ने उनकी पत्नी संगीता को उम्मीदवार बनाया है।
 
प्रदेश की 7 विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को हुए उपचुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। इनमें मल्हनी सीट पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के खाते में गई थी बाकी सीटों पर भाजपा का ही कब्जा था।
 
इस बीच उत्‍तरप्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह, उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डाक्‍टर दिनेश शर्मा समेत तमाम पदाधिकारियों ने भाजपा प्रदेश मुख्‍यालय में पहुँचकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और बधाई दी।
 
मीडिया से बातचीत में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने उप चुनाव में मिल रहे रुझानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय देते हुए सरकार के कार्यों और संगठन की मेहनत की चर्चा करते हुए मतदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्‍होंने प्रदेश अध्‍यक्ष, दोनों उप मुख्‍यमंत्री, संगठन महामंत्री और प्रदेश सरकार के मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के योगदान के लिए बधाई दी।
 
उन्‍होंने कहा कि यह परिणाम आने वाले चुनाव का संकेत है। योगी ने इस बात पर संतोष जताया कि 2017 में भाजपा के पक्ष में जो जनादेश मिला उसे मतदाताओं ने बनाए रखा है।
 
गत दिनों पूर्व मुख्‍यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरेाप लगाते हुए कहा कि उप चुनाव में धांधली की गई है। इसके पहले उन्‍होंने कहा था हमारा लक्ष्‍य 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव है जिसकी जीत की शुरुआत उपचुनाव से होगी।
 
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उपचुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मीडिया से कहा कि जनता-जर्नादन ने एक बार फिर मोदी-योगी सरकार के कार्यों पर मुहर लगाई है और यह स्पष्ट कर दिया है कि जन-जन का विश्वास भाजपा के साथ है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी