गुमराह कर रहे हैं मनमोहन-जोशी

शनिवार, 21 जनवरी 2012 (19:59 IST)
भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह की आलोचना करते हुए कहा कि सिंह उत्तराखंड में अपने दौरे में तथ्यहीन बातों से राज्य की जनता को गुमराह कर रहे हैं।

जोशी आज मसूरी में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मनमोहन ने शुक्रवार को रुद्रपुर में अपनी चुनावी जनसभा के दौरान कहा था कि विकास कार्य केवल कांग्रेस शासनकाल में ही हुए और भाजपा शासनकाल में केन्द्रीय राशि का सही उपयोग नहीं हुआ, लेकिन प्रधानमंत्री का यह कथन तथ्यहीन है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई और ऐसी बात कहता तो वह कोई टिप्पणी नहीं करते, लेकिन प्रधानमंत्री की इस बात पर उन्हें घोर आश्चर्य हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़े बताते हैं कि भाजपा के कार्यकाल में कुल 4516 करोड़ रुपए राजस्व वसूली की गई, जबकि कांग्रेस शासनकाल में यह राशि 2128 करोड़ रुपए ही थी।

जोशी ने कहा कि इसी तरह कांग्रेस शासनकाल में योजना व्यय की राशि 2262 करोड़ थी, जबकि भाजपा शासनकाल में यह राशि 4207 करोड़ रुपए थी। केन्द्रीय वित्त पोषित योजनओं में कांग्रेस ने 585 करोड़ रुपए, जबकि भाजपा ने 1061 करोड़ रुपए खर्च किए। उन्होंने कहा कि ग्राम्य विकास कार्यक्रम में कांग्रेस ने 91 करोड़, जबकि भाजपा ने 561 करोड़ व्यय किए।

भाजपा नेता जोशी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में राज्य में औद्योगिक निवेश की राशि 1639 करोड़ रुपए थी, जबकि भाजपा शासनकाल में 3984 करोड़ रुपए थी। इसी तरह कांग्रेस शासनकाल में उद्योगों में रोजगार सृजन की संख्या 14577 थी, जबकि भाजपा शासनकाल में यह संख्या 25132 थी।

उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास व्यय की राशि कांग्रेस के शासन काल में 37 करोड रुपए थी और भाजपा शासनकाल में यह राशि 68 करोड़ रुपए थी। सर्व शिक्षा अभियान कार्यक्रम में कांग्रेस सरकार ने 104 करोड़ रुपए खर्च किए, जबकि भाजपा शासनकाल में यह राशि 312 करोड़ रुपए थी।

जोशी ने बताया कि सरकारी आंकड़े बयां करते हैं कि भाजपा शासनकाल में कांग्रेस शासनकाल की तुलना में हर क्षेत्र में अधिक कार्य हुए हैं, लेकिन प्रधानमंत्री बिना आंकड़ों को देखे हुए बात करते हैं जो आश्चर्यजनक है। गुमराह करने की राजनीति नहीं होनी चाहिए बल्कि तथ्यों पर आधारित राजनीति होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस सभी सीटों पर कठिनाई महसूस कर रही है, इसलिए अनर्गल बयानबाजी की जा रही है।

जोशी ने केन्द्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। केन्द्र केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है बल्कि भ्रष्ट लोगों को बचाने का भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने अपने पत्र में लिखा है कि उनके पूर्ववर्ती पी. चिदंबरम यदि चाहते तो 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला रोका जा सकता था, लेकिन अब चिदंबरम को बर्खस्त करने की जगह पर पूरे मामले की लीपापोती की जा रही है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें