महज 5000 रुपए लेकर भारत आईं थीं नोरा फतेही, 9 लड़कियों के साथ रहती थीं एक घर में

WD Entertainment Desk

रविवार, 5 अप्रैल 2026 (12:25 IST)
बॉलीवुड की 'दिलबर गर्ल' यानी नोरा फतेही आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उनके डांस मूव्स पर पूरी दुनिया थिरकती है। नोरा डांसिंग के साथ-साथ एक्टिंग में भी अपना हुनर दिखा रही हैं। कनाडा के टोरंटो में पली-बढ़ी नोरा को बॉलीवुड में यह मुकाम हासिल करने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा है। 
 
एक इंटरव्यू के दौरान नोरा फतेही ने अपने स्ट्रगल के‍ दिनों को याद किया था। नोरा जब भारत आईं, तो उनके पास न तो कोई गॉडफादर था और न ही कोई बड़ा बैंक बैलेंस। 'द बॉम्बे जर्नी विद माशेबल इंडिया' के साथ इंटरव्यू में नोरा ने खुलासा किया था कि वह अपनी जेब में सिर्फ 5,000 रुपये लेकर मुंबई की सड़कों पर उतरी थीं। उस समय नोरा के लिए सर्वाइवल ही सबसे बड़ी चुनौती थी। 
 
9 लड़कियों के साथ 3BHK फ्लैट और वो 'ट्रॉमा'
नोरा ने बताया था कि मुंबई जैसे महंगे शहर में रहना आसान नहीं था। वह एक 3BHK फ्लैट में 9 अन्य लड़कियों के साथ रहती थीं। एक ही घर में इतनी भीड़ और प्राइवेसी की कमी ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था। नोरा ने कहा था, मैं अक्सर सोचती थी कि मैंने खुद को किस मुसीबत में डाल लिया है। मैं इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं थी। उन दिनों की यादें आज भी मुझे डराती हैं, मुझे आज भी उस दौर का ट्रॉमा है।
 
ब्रेड-अंडा और दूध की डाइट
पैसे बचाने की जद्दोजहद ऐसी थी कि नोरा का खान-पान सिर्फ पेट भरने तक सीमित रह गया था। उन्होंने बताया था कि वह दिन भर में सिर्फ एक अंडा, ब्रेड, दूध और कभी-कभी न्यूटेला पर गुजारा करती थीं। यह एक ऐसी डाइट थी जिसमें न तो पोषण था और न ही स्वाद, बस एक मजबूरी थी। नोरा के मुताबिक, यह दौर उनके लिए इतना बुरा था कि उन्हें थेरेपी की जरूरत महसूस होने लगी थी।
 
इंटरव्यू के दौरान नोरा ने फिल्म इंडस्ट्री के एक डार्क पहलू पर भी बात की थी। उन्होंने बताया कि कैसे शुरुआती दौर में एजेंसियां नए कलाकारों का फायदा उठाती हैं। नोरा ने कहा था, मैं जिस एजेंसी के साथ काम कर रही थी, वे मेरा किराया तो देते थे लेकिन उसमें से भारी कमीशन काट लेते थे। हमारे पास इस तरह के शोषण को रोकने के लिए ठोस नियम और कानून नहीं हैं।
 
तमाम मुश्किलों और मानसिक प्रताड़ना के बावजूद नोरा ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर अपनी जगह बनाई। 'सत्यमेव जयते' के गाने 'दिलबर' ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया, और आज वह सिर्फ एक डांसर नहीं बल्कि एक सशक्त अभिनेत्री के रूप में उभर रही हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी