सीजफायर में पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल: शहबाज शरीफ के ‘Draft पोस्ट’ से बढ़ा विवाद

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 8 अप्रैल 2026 (11:26 IST)
US Iran Ceasefire : अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर का श्रेय मिलने से अंतरराष्‍ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान और शाहबाज शरीफ का कद बढ़ा है। अमेरिका ने हमले रोक दिए हैं तो ईरान भी हार्मुज स्ट्रेट खोलने पर राजी हो गया है। हालांकि शाहबाज शरीफ के सीजफायर वाले पोस्ट पर सवाल भी उठ रहे हैं। ALSO READ: ट्रंप का बड़ा ऐलान: 15 दिन तक ईरान पर नहीं होगा हमला, हार्मुज जलडमरूमध्य खुला
 
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, बहुत विनम्रता के साथ, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका, अपने सहयोगियों के साथ, लेबनान और दूसरी जगहों सहित हर जगह तुरंत सीजफायर पर सहमत हो गए हैं, जो तुरंत लागू होगा।
 
उन्होंने कहा कि मैं इस समझदारी भरे कदम का दिल से स्वागत करता हूं और दोनों देशों के नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त करता हूं और उनके प्रतिनिधिमंडलों को शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को इस्लामाबाद आने के लिए आमंत्रित करता हूं ताकि सभी विवादों को सुलझाने के लिए एक पक्के समझौते पर आगे बातचीत की जा सके।
 

ड्राफ्ट मैसेज पर बवाल

शहबाज शरीफ ने एक्स पर ट्रंप से ईरान पर डेडलाइन दो सप्ताह आगे बढ़ाने और कूटनीति को मौका देने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने का आग्रह किया था। इसी पोस्ट ने नीचे एक ऐसा पोस्ट दिखाई दिया, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विवाद तब शुरू हुआ जब शहबाज के पोस्ट की एडिटेड हिस्ट्री पर ध्यान गया। जो स्क्रीनशॉट सामने आया है, उसमें लिखा-  Draft – Pakistan’s PM Message on X।
 

पोस्ट पर क्यों उठे सवाल?

इस बीच मध्यस्थता का दावा करने वाले पाकिस्तान की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे है। इसकी वजह है पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का एक्स एडिट किया गया पोस्ट। ऐसा लग रहा है कि ये पोस्ट स्क्रिप्टेड था, जिसे पाकिस्तान नहीं व्हाइट हाउस में लिखा गया था। किसी देश के प्रधानमंत्री के ऑफिशियल कम्युनिकेशन में ड्राफ्ट शब्द लिखा होना बड़े सवाल पैदा कर रहा है। यह सवाल भी उठ रहा है कि यह पाकिस्तान के अधिकारियों की लापरवाही थी या फिर किसी बड़ी बात का संकेत।

ट्रंप ने शरीफ को दिया सीजफायर का श्रेय

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि मैं दो हफ्तों के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को स्थगित करने पर सहमत हूं। उन्होंने इसे व्यापक युद्धविराम की दिशा में एक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के बाद लिया गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भी सीजफायर के फैसले का स्वागत किया है। वहीं, ईरान ने जंग रोकने के लिए 10 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा है।
edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी