शुभमन गिल हुए फिट, जोड़ीदार साई सुदर्शन के संग करेंगे सलामी बल्लेबाजी

WD Sports Desk

बुधवार, 8 अप्रैल 2026 (16:17 IST)
गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल मांसपेशियों में जकड़न से उबर गए हैं और बुधवार को  इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे।पिछले मैच से बाहर रहे गिल के सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन ने इस बात की पुष्टि की कि वह खेलने के लिए पूरी तरह फिट हैं।

मैच से पहले सुदर्शन ने कहा, ‘‘वह बिल्कुल ठीक हैं और खेलेंगे।’’टाइटन्स की टीम अपने शीर्ष बल्लेबाजी क्रम पर अधिक निर्भर मानी जाती रही है। पिछले मैच में सुदर्शन से मिली अच्छी शुरुआत के बावजूद मध्य क्रम के खराब प्रदर्शन के कारण टीम को हार झेलनी पड़ी।

We can sense that  gameday energy  pic.twitter.com/BBzeJ6Kq1A

— Gujarat Titans (@gujarat_titans) April 8, 2026
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि टीम को वाशिंगटन सुंदर और ग्लेन फिलिप्स की मौजूदगी वाले अपने मध्य क्रम पर पूरा भरोसा है।

सुदर्शन ने कहा, ‘‘अगर शीर्ष तीन बल्लेबाजों में से कोई एक लंबे समय तक क्रीज पर टिका रहता है तो यह टीम के लिए हमेशा एक बहुत अच्छी बात होती है। हमें अपने मध्य क्रम पर पूरा भरोसा है। यही वह टीम है जिसने पिछले साल खेला था और हम क्वालीफाई करने में सफल रहे थे। अभी तो सिर्फ दो ही मैच हुए हैं और मुझे तथा पूरी टीम को पूरा विश्वास है कि हमारा मध्य क्रम हमें मैच जिताएगा।’’

आईपीएल 2026 की तैयारियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कोई खास तैयारी तो नहीं की लेकिन जिस सबसे अहम बात पर मेरा ध्यान था वह यह थी कि अगर हमें कोई बहुत बड़ा लक्ष्य हासिल करना हो तो हम अपनी पारी की शुरुआत किस तरह करेंगे। इसलिए यह बस जागरूकता और मानसिकता से जुड़ा एक पहलू था और इस बात पर विचार करना था कि हम उस समय कौन-कौन से सही फैसले ले सकते हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले मैं इसी चीज पर काम कर रहा था।’’

सुदर्शन ने कहा, ‘‘और सबसे बड़ी बात यह है कि आपका दिमाग पूरी तरह से शांत और व्यवस्थित होना चाहिए। मैंने इस पर काफी समय दिया है। मैं योग करता हूं और खुद को मानसिक रूप से फिट रखने के लिए मैं ध्यान का काफी अभ्यास करता हूं।’’

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी