IPL नीलामी में कब लगी किसकी लॉटरी, क्या मैक्सवेल करेंगे युवी-स्टोक्स की बराबरी?

Webdunia
गुरुवार, 18 फ़रवरी 2021 (12:38 IST)
चेन्नई:इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चौदहवें सत्र के लिए खिलाड़ियों की नीलामी गुरुवार को होगी और इस नीलामी में सबकी नजरें ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल पर हैं जिन्हें पंजाब की टीम ने नीलामी के लिए रीलीज किया है। 
 
10 में से 8 क्रिकेट विशेषज्ञ या फिर पूर्व क्रिकेटर मानते है कि ग्लेन मैक्सवेल ही आईपीएल 2021 की नीलामी के कारण सबसे बड़े दाम में बिकेंगे। ग्लेन मैक्सवेल के लिए पिछला सत्र निराशाजनक रहा था, लेकिन टीमें इस धाकड़ आलराउंडर की एहमियत को जानती हैं।
 
हालांकि मैक्सवेल का टूर्नामेंट में रिकार्ड इतना अच्छा नहीं है, उनका औसत 22 का है और उन्होंने 82 मैच खेलकर 1505 रन बनाये। पंजाब की ओर से खेलने वाले मैक्सवेल आईपीएल 2020 में 15 की औसत से कुल 108 रन बना पाए थे और महज 3 विकेट ले पाए थे।। इस बार आईपीएल भारत में कराया जा रहा है तो मैक्सवेल को उनके खराब रिकार्ड के बावजूद धीमी पिचों पर उनकी कसी हुई ऑफ ब्रेक गेंदबाजी के लिये चुना जा सकता है।
 
 
अगर आज ग्लैन मैक्सवेल सबसे महंगे दामों में बिकते हैं तो वह नीलामी में बेन स्टोक्स और युवराज सिंह की बराबरी कर लेंगे। इंग्लैंड के बेन स्टोक्स और भारत के युवराज सिंह को लगातार दो बार सबसे अधिक कीमत पर फ्रैंचाइजी ने खरीदा था। हालांकि मैक्सवेल को लगातार सर्वाधिक कीमत वाले रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए अगली सीजन में भी सर्वाधिक दाम पर बिकना होगा। इससे पहले कौन कौन से खिलाड़ी सर्वाधिक कीमतों पर बिके थे आइए डालते हैं एक नजर -
 
 
-आईपीएल के शुरुआती साल 2008 में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स ने 9.5 करोड़ रुपए में खरीदा था।
 
-साल 2009 में इंग्लैंड के दो खिलाड़ियों की लॉटरी लगी, ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ और बल्लेबाज केविन पीटरसन को 9.8 करोड़ रुपए में चेन्नई सुपर किंग्स और बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स ने क्रमश खरीदा था।
 
-साल 2010 में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीरन पोलार्ड को मुंबई इंडियन्स ने और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज शेन बोंड को कोलकाना नाइट राईडर्स ने 7.5 करोड़ में खरीदा था।
 
 
-पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को साल 2011 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 11.4 करोड़ में खरीदा।
 
-साल 2012 के सत्र में भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जड़ेजा को चेन्नई सुपर किंग्स ने 9.8 करोड़ में खरीदा था।
 
-साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लैन मैक्सवेल को 6.3 करोड़ में मुंबई इंडियन्स ने खरीदा था।
 
-पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को साल 2014 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 14 करोड़ में खरीदा। 
 
-साल 2015 में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह 16 करोड़ की राशि में दिल्ली डेयरडेविल्स की झोली में गए।
 
-ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन को साल 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 9.5 करोड़ रुपए में खरीदा।
 
-साल 2017 में इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के लिए राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स ने सर्वाधिक 14.5 करोड़ खर्च किए। 
 
-बेन स्टोक्स दुबारा सबसे महंगे खिलाड़ी बन कर उभरे जब साल 2018 में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 12.5 करोड़ में खरीदा। 
 
-साल 2019 में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को राजस्थान रॉयल्स ने और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को किंग्स 11 पंजाब ने 8.4 करोड़ रुपए में खरीदा।
 
-ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस को साल 2020 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 15.5 करोड़ में खरीदा। 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख