'वह क्रिकेट प्रेमी लोग हैं', कुछ ऐसे शाहिद अफरीदी ने की तालिबान की तारीफ (वीडियो)

Webdunia
मंगलवार, 31 अगस्त 2021 (12:33 IST)
पूर्व पाकिस्तान कप्तान और ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी और विवादों का चोली दामन का साथ रहा है। शाहिद अफरीदी अब एक बार और सुर्खियों में है। हाल ही में तालिबान पर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

एक पाक पत्रकार नालिया इनायत ने शाहिद अफरीदी के मीडिया संबोधन में से एक वीडियो क्लिपिंग ट्विटर पर अपलोड कर इस बात की जानकारी दी। इस वीडियो में शाहिद अफरीदी तालिबानियों की तारीफ की कसीदें पढ़ रहे हैं।

शाहिद अफरीदी लगातार 2 टी-20 विश्वकप में मैन ऑफ द सीरीज का खिताब ले चुके हैं और साल 2009 में पाकिस्तान को टी-20 विश्वकप जितानें में उन्होंने गेंद और बल्ले से अहम भूमिका निभाई थी।

अफरीदी ने 398 वनडे मैचों की 369 पारी में 117.00 के स्ट्राइक रेट से कुल 8064 रन बनाए। यही नहीं उनके नाम 395 वनडे विकेट भी हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 12 रन देकर 7 विकेट लेने का रहा है।

पाकिस्तान के विवादास्पद क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने वनडे करियर में 6 शतक लगाए हैं, जिसमें से 4 शतक के लिए उन्होंने 100 से कम गेंदों का सामना किया। अफरीदी ने वनडे में पहली बार सबसे तेज शतक (102 रन) केवल 36 गेंदों में बनाया था। 4 अक्टूबर 1996 के दिन नैरोबी में उन्होंने इस पारी में 11 चौके और 6 छक्के उड़ाए थे।

शाहिद अफरीदी और गौतम गंभीर भी मैदान में कई बार आमने सामने हुए हैं। वहीं मैदान के बाहर भी गंभीर ने उनके बयानों की जमकर आलोचना की है।(वेबदुनिया डेस्क)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख