टी20 क्रिकेट : गुप्टिल-विलियमसन के बीच विश्व रिकॉर्ड साझेदारी, न्यूजीलैंड ने पाक को रौंदा

रविवार, 17 जनवरी 2016 (19:45 IST)
हैमिल्टन। मार्टिन गुप्टिल और केन विलियमसन के बीच टी20 क्रिकेट में विश्व रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने दूसरे टी20 मैच में आज पाकिस्तान को 10 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए 169 रन के लक्ष्य के जवाब में न्यूजीलैंड ने 14 गेंद और पूरे 10 विकेट सुरक्षित रहते हुए 171 रन बनाए।
विलियमसन और गुप्टिल ने टी20 क्रिकेट में 170 रन की साझेदारी का दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और लूट्स बोस्मैन का रिकॉर्ड तोड़ा जो उन्होंने 2009 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। पाकिस्तान ने आकलैंड में पहला मैच जीता था। 
 
सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच वेलिंगटन में शुक्रवार को खेला जाएगा। गुप्टिल ने 58 गेंद में 9 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 87 रन बनाये। वहीं विलियमसन ने 48 गेंद में 11 चौकों की मदद से 72 रन बनाये।
 
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन शुरुआत काफी धीमी रही। 10 ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 60 रन था। न्यूजीलैंड ने 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 82 रन बनाये थे। 
 
विलियमसन और गुप्टिल ने अपने अपने अर्धशतक 13वें ओवर में पूरे किये। इस ओवर में मोहम्मद आमिर ने 15 रन दे डाले और उनके तीन ओवर में 34 रन बने। पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक 56 रन उमर अकमल ने बनाए। उन्होंने शोएब मलिक के साथ 34 गेंद में 63 रन की साझेदारी की। अकमल 27 गेंद में 56 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि शोएब ने 30 गेंद में 39 रन बनाए। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें