मध्य प्रदेश के सिवनी में भूकंप के 2 झटके, लोगों में दहशत

Webdunia
रविवार, 22 नवंबर 2020 (13:31 IST)
सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में रविवार को भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इनकी तीव्रता 4.3 और 2.7 मापी गई है। भूकंप की वजह से लोगों में दहशत दिखाई दी और वे अपने घरों से बाहर निकल आए।
 
भारत मौसम विभाग के भोपाल केन्द्र (आईएमडी) के वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि देर रात 1.45 बजे 4.3 तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र सिवनी शहर के पास 10 किलोमीटर गहराई में था। इसके बाद सुबह 6.23 बजे उसी स्थान पर 2.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।
 
सिवनी में प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि सिवनी शहर और जिले के अन्य हिस्सों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए और अपने घरों से बाहर आ गए।
 
स्थानीय निवासी प्रवीण तिवारी ने कहा कि रात में पहले भूकंप के दौरान उनके घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिस्तर और अन्य सामान लगभग 15 सेकंड तक हिले थे। तिवारी ने कहा कि लोग ठंड में पूरी रात घर के बाहर ही रहे।
 
जिला कलेक्टर राहुल हरिदास ने कहा कि पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य और प्रशासन के अधिकारियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। 27 अक्टूबर से जिले में कम तीव्रता के भूकंप के चार झटके आ चुके हैं। (भाषा)
 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख