राज्य सरकार इस पुल को बना रही थी। यह पुल बहुत ही तंग इलाके में बनाया जा रहा था। लोगों ने इस पुल के निर्माण का विरोध भी किया था। निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निर्माणकार्य बीते कई सालों से चल रहा था। राज्य में दो सरकारें बदल गईं लेकिन इसका निर्माण कार्य खत्म नहीं हुआ। अब इसको लेकर कोलकाता की राजनीति गर्म होने लगी है।
हादसे के बाद टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि हादसा दर्दनाक है। हमारी पहली प्राथमिकता लोगों को बचाना है। उसके बाद जो भी लोग इस हादसे के जिम्मेदार होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। वहीं सीपीएम संसाद मोहम्मद सलीम ने हादसे पर सवाल उठाते हुए कहा है कि आखिर क्यों ब्रिज का काम दिन में किया जा रहा था? सलीम ने इस हादसे के लिए भ्रष्टाचार और गुंडाराज को जिम्मेदार बताया है। दूसरी ओर भाजपा नेता बाबुल सुप्रियो ने कहा कि आखिर क्यों पुल का काम वर्षों से चल रहा था इसे समय पर पूरा क्यों नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पुल के निर्माण के वक्त यातायात को क्यों नहीं रोका गया?