Top News : सीजफायर का बड़ा असर, हार्मुज खुला, तेल कीमतों में भारी गिरावट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 8 अप्रैल 2026 (07:56 IST)
Top News : अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद स्ट्रेट ऑफ हार्मूज खुल गया है। इससे दुनियाभर के देशों ने राहत की सांस ली। युद्ध थमने की खुशी में अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई। पाकिस्तान में 15 दिन बाद अमेरिका और ईरान में 10 सूत्रीय प्रस्ताव पर बातचीत होगी। 8 अप्रैल की बड़ी खबरें : 
 

ट्रंप ने किया सीजफायर का ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ 28 फरवरी से जारी युद्ध के बाद अब सीजफायर का ऐलान किया है। इसके तहत अमेरिका और इजराइल 15 दिनों तक ईरान पर हमला नहीं करेंगे। इसके बाद पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत होगी। व्हाइट हाउस ने इसे राष्‍ट्रपति ट्रंप और अमेरिकी सेना की बड़ी जीत बताया। ALSO READ: ट्रंप का बड़ा ऐलान: 15 दिन तक ईरान पर नहीं होगा हमला, हार्मुज जलडमरूमध्य खुला
 

ईरान के 10 सूत्रीय प्रस्ताव पर होगी बात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर एलान के बाद ईरान ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका ईरान के 10 सूत्रीय प्रस्ताव पर बातचीत को तैयार है और हमले रुकने पर ईरान भी सैन्य अभियान रोक देगा। हालांकि ईरान ने साफ कहा है कि सीजफायर का मतलब युद्ध खत्म होना नहीं। ALSO READ: ईरान ने ट्रंप के सीजफायर पर लगाई मुहर: 10 सूत्रीय प्रस्ताव पर बातचीत को तैयार, 2 हफ्ते खुला रहेगा हार्मुज
 

स्ट्रेट ऑफ हार्मुज खुला

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम की घोषणा के बाद स्ट्रेट ऑफ हार्मुज खुल गया है। ईरान और ओमान को हार्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टैक्स वसूलने की अनुमति मिल गई है। इससे तेल संकट से परेशान देशों को बड़ी राहत मिली है।
 

सस्ता हुआ क्रूड 

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच हुए युद्ध विराम की वजह से अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 13 फीसदी की गिरावट आई। WTI क्रूड 97.27 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 94.97 डॉलर प्रति बैरल हो गया। इंडियन बास्केट में कच्चे तेल की कीमत 130.9 डॉलर प्रति बैरल है।
 

ईरान पर बमबारी नहीं करेगा इजराइल

इजराइल भी अमेरिका और ईरान के बीच हुए 15 दिन के सीजफायर पर सहमत हो गया है। वह 15 दिनों तक ईरान पर हमला नहीं करेगा। बताया जा रहा है कि अमेरिका और इजराइल में बातचीत के बाद ही राष्‍ट्रपति ट्रंप ने सीजफायर का ऐलान किया। 
edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी