3 महीने बाद मिला मां का आंचल, 5 साल के बच्चे ने अकेले किया हवाई सफर

Webdunia
सोमवार, 25 मई 2020 (15:21 IST)
बेंगलुरु। 5 साल के विहान शर्मा को सोमवार की उड़ान हमेशा याद रहेगी, जिसमें सवार होकर वह अकेले दिल्ली से बेंगलुरु पहुंचा। करीब 3 महीने बाद यहां पहुंचे विहान का उसकी मां हवाई अड्डे पर बेसब्री से इंतजार कर रही थीं।
 
ALSO READ: 60 दिन बाद शुरू हुई विमान सेवा, तड़के एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्री
 
विहान पिछले 3 महीने से अपने दादा-दादी के पास था। विहान को एयरपोर्ट लेने पहुंची विहान की मां के मुताबिक वह दादा-दादी के पास दिल्ली में था, तभी लॉकडाउन हो गया है और वह वहीं फंस गया। विहान की मां ने फ्लाइट के क्रू मेंबर्स को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने उनके जिगर के टुकड़े को सकुशल उन तक पहुंचाया।
 
शहर के कैंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (केआईए) का संचालन करने वाले बेंगलुरू अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड (बायल) ने ट्वीट किया, ‘घर वापसी पर स्वागत, विहान। बेंगलुरु हवाई अड्डा अपने सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार काम कर रहा है।’
 
बायल ने बताया कि सोमवार को घरेलू यात्री विमान सेवाएं बहाल होने के साथ यहां से 43 विमानों ने उड़ान भरी और 31 विमान यहां उतरे।उसने बताया कि 74 उड़ानें रद्द हो गई।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख