Mahua Manjhi news in hindi : झारखंड के लातेहार जिले में बुधवार को तड़के महाकुंभ से लौटने के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की राज्यसभा सांसद महुआ मांझी की कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई जिससे वह घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर होटवाग गांव के पास देर रात करीब ढाई बजे हुई। हादसे में मांझी की बाईं कलाई की हड्डी टूट गई। उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में उनकी कार में सवार परिवार के अन्य सदस्यों को भी मामूली चोटें आई हैं।
सदर थाना प्रभारी दुलार चौड़े ने बताया कि दुर्घटना के बाद मांझी को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेन्द्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि यहा हादसा उस समय हुआ जब मांझी प्रयागराज से अपने बेटे और बहू के साथ रांची लौट रही थीं। हेमंत सोरेन के परिवार की करीबी मानी जाने वाली महुआ लंबे समय से जेएमएम महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं।
महुआ के एक्सिडेंट की खबर से झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता स्तब्ध रह गए। झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झामुमो सांसद के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।