U-20 World Wrestling Championship : अंतिम पंघाल ने रचा इतिहास, भारत ने जीती टीम चैंपियनशिप

Webdunia
शनिवार, 19 अगस्त 2023 (00:58 IST)
U-20 World Wrestling Championship : अंतिम पंघाल ने शुक्रवार को इतिहास रचते हुए लगातार 2 बार अंडर-20 विश्व कुश्‍ती खिताब जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बन गईं, जिसने यहां 53 किलो वर्ग में खिताब अपने नाम किया। सविता ने भी 62 किलो वर्ग में खिताब जीता और भारतीय महिला टीम ने इस खेल के इतिहास में पहली बार विश्व चैंपियनशिप टीम खिताब अपने नाम किया।
 
प्रिया मलिक ने गुरुवार को 76 किलो वर्ग में खिताब जीता था। भारत के सात पहलवानों ने इस बार पदक जीता है जिनमें तीन स्वर्ण शामिल हैं। अंतिम कुंडू (65 किलो) ने रजत और रीना (57 किलो), आरजू (68 किलो) और हर्षिता (72 किलो) ने कांस्य पदक जीते।
 
हरियाणा के हिसार की रहने वाली पंघाल ने यूक्रेन की मारिया एफ्रेमोवा को 4-0 से हराकर खिताब जीता। उसने पूरे टूर्नामेंट में इतना जबरदस्त प्रदर्शन किया कि सिर्फ दो अंक गंवाए। उसने साबित कर दिया कि एशियाई खेलों के ट्रायल के लिए विनेश फोगाट को चुनौती देना अति आत्मविश्वास नहीं था। पिछले साल वह जूनियर विश्व चैंपियनशिप खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थीं और अब सीनियर स्तर पर भी खेलती हैं।
 
अपनी फुर्ती और दिमाग के जबरदस्त इस्तेमाल से उसने विरोधी के पैर पर लगातार हमले बोले। दाहिने पैर पर हमला बोलकर उसने विरोधी को चित कर दिया। सविता ने 62 किलो वर्ग के फाइनल में वेनेजुएला की ए पाओला मोंटेरो चिरिनोस को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया। उसने पहले ही राउंड के बाद नौ अंक की बढ़त बना ली थी और दूसरे राउंड की शुरुआत में ही एक भी अंक गंवाए बिना जीत दर्ज की।
 
वहीं रीना ने 57 किलो वर्ग में कजाखस्तान की शुगीला ओमिरबेक को 9-4 से हराया। इससे पहले उसने दिन में दो रेपेशॉज दौर जीतकर पदक की दौड़ में जगह बनाई थी। अंतिम कुंडू को फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी एनिको एलेकेस ने 9-2 से हराया। हर्षिता ने मोलदोवा की एमिलिया क्रेसियुन को हराकर भारत को एक और पदक दिलाया।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख