ये 19 साल आपके बिना संभव नहीं होते, नम आंखों से छेत्री ने कहा (Video)

WD Sports Desk
शुक्रवार, 7 जून 2024 (16:49 IST)
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में अपने शानदार 19 साल के सफर का हिस्सा बनने के लिए सभी को धन्यवाद देते हुए सुनील छेत्री की आंखों में आंसू थे। छेत्री के साथियों ने भारतीय फुटबॉल के इस दिग्गज को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और खचाखच भरे Salt Lake Stadium में लोगों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।

छेत्री ने बंगाली में बोलते हुए कहा, ‘‘शोबाई भालो थकबेन, शोबाई खुशी थकबेन (सभी कृपया अपना ख्याल रखें, कृपया खुश रहें), और धन्यवाद, बहुत-बहुत धन्यवाद।’’

मैच के बाद अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने उन्हें सम्मानित भी किया।छेत्री ने हाथ जोड़कर दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने देश के लिए सबसे अधिक मैच (151) खेलने और सबसे अधिक गोल (94) करने वाले खिलाड़ी के रूप में संन्यास लिया।

छेत्री अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में चौथे सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी हैं। इस फॉरवर्ड ने पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की थी। अपनी कई उपलब्धियों में से छेत्री ने 2007, 2009 और 2012 में नेहरू कप में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने भारत को 2011, 2015, 2021 और 2023 सैफ चैंपियनशिप जीतने में भी मदद की।

छेत्री ने फाइनल में हैट्रिक के साथ 2008 एएफसी चैलेंज कप में भारत को जीत दिलाई जिससे भारत 27 वर्षों में अपने पहले एएफसी एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहा।(भाषा)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख