विश्व कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में सोनम का पदक पक्का

Webdunia
गुरुवार, 7 सितम्बर 2017 (17:54 IST)
एथेंस। भारत की महिला पहलवान सोनम ने यहां चल रही विश्व कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता के अपने 56 किग्रा वज़न वर्ग के फाइनल में प्रवेश करने के साथ भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया है। सोनम ने महिलाओं के 56 किग्रा वज़न वर्ग के सेमीफाइनल में स्वीडन की पहलवान जोएनसन को 11-8 के अंतर से हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया। इसी के साथ भारतीय पहलवान ने देश के लिए चैंपियनशिप में तीसरा पदक भी पक्का कर दिया है। सोनम अब स्वर्ण पदक के मुकाबले में जापान की पहलवान नागामोतो से भिड़ेंगी।
 
महिला पहलवान ने इससे पहले अपने प्रारंभिक राउंड में लिथुआनिया की पहलवान ऑगस्ताउस्काइते को 3-0 से पराजित किया था। उन्होंने इसके बाद अगली बाउट में हंगरी की पहलवान हेल जेल को 6-6 से हराया। भारतीय पहलवान ने फिर क्वार्टर फाइनल राउंड में मालदीव की खिलाड़ी को रिंगासी को 9-6 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
 
विश्व कैडेट चैंपियनशिप में अब तक भारत के सोनू ने 58 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग में और उनके बाद आशु ने 69 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग में रजत पदक दिलाए हैं। सोनम के फाइनल में पहुंचने के साथ अब भारत के लिए एक और रजत पक्का हो गया है। भारत ने पिछले महीने जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में तीन कांस्य पदक जीते थे, लेकिन पेरिस में हुई सीनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में भारत को एक भी पदक हाथ नहीं लगा। (वार्ता)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख