भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की हत्या हुई, कांग्रेस नेता अजय राय का सनसनीखेज आरोप

Webdunia
शनिवार, 8 अप्रैल 2023 (09:30 IST)
भदोही। कांग्रेस पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अजय राय ने दावा किया कि भोजपुरी फिल्‍मों की अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या कराई गई है। उन्होंने सवाल किया कि बाकी जगह बुल्डोज़र चल गया, इस मामले में अभी तक क्यों नहीं चला।
 
राय ने दुबे के पैतृक आवास पर शुक्रवार को आयोजित शोकसभा में शामिल होकर पुष्‍प अर्पित किया और अभिनेत्री को श्रद्धांजलि दी। शोकसभा के बाद उन्होंने सीबीआई से मामले की जांच कराने की आकांक्षा के परिजनों की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच में अभिनेत्री की हत्या के पीछे का षड्यंत्र और उसके हत्यारों को बचाने वालों को राजनीतिक संरक्षण का सच निश्चित रूप से सामने आ जाएगा।
 
 
गौरतलब है कि 25 वर्षीय भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे गत 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में मृत मिली थीं। वह एक फंदे से लटकी मिली थीं। पुलिस ने दुबे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में गायक समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया।
 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख