दिल्ली में कोरोना के मामले 2 लाख के पार, पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 4000 से ज्यादा नए केस

बुधवार, 9 सितम्बर 2020 (22:49 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को कोरोनावायरस के संक्रमण के 4,039 नए मामले सामने आए। ये अब तक किसी एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं।
 
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 2 लाख से अधिक हो गई, वहीं मृतकों की संख्या भी बढ़कर 4,638 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ALSO READ: Covid 19 से 77.77 फीसदी मरीज हुए ठीक, संक्रमित 61 फीसदी मरीज 5 राज्यों में
महामारी शुरू होने के बाद यह पहला मौका है जब नगर में एक दिन में 4,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 23 जून को सबसे अधिक 3,947 मामले सामने आए थे।
 
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में 20 मरीजों की मौत हो गई। इसमें बताया गया है कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 22,377 से बढ़कर 23,733 हो गई।
 
बुधवार को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि कोरोनावायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,638 हो गई है और कुल मामलों की संख्या 2,01,174 हो गई है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी