पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के पौधरोपण संकल्प के 3 वर्ष पूरे होने पर आज पर्यावरण सम्मेलन

विकास सिंह

मंगलवार, 20 फ़रवरी 2024 (10:25 IST)
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प को 3 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। पर्यावरण संरक्षण के तीन साल पूरे होने पर मंगलवार को भोपाल के रविन्द्र भवन में पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देशभर के प्रसिध्द पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। शिवराज सिंह चौहान ने 19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती के दिन अमरकंटक में प्रतिदिन पौधरोपण का संकल्प लिया था और अमरकंटक के शंभू धारा में पहला पौधा रौपा था। पूर्व मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को जीवन का मिशन बनाकर प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प को जारी रखा है। इसी कड़ी में पौधरोपण को जन-जन का अभियान बनाने के लिए पर्यावरण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

पूर्व सीएम ने 1195 दिन में लगाए 3238 से अधिक पौधे
19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती के अवसर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमरकंटक में गुल बकावली और साल का पौधा लगाकर प्रतिदन पौधरोपण का प्रण लिया था, तब से अब तक हर दिन तीन पौधे के हिसाब से 1095 दिनों में 3238 पौधे लगाए हैं, उनके साथ अब तक 2000 से अधिक लोग पौधरोपण कर चुके है। हैं। 5 जून, 2023 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजाभोज एयरपोर्ट स्थित रामवन में मंत्रीमंडल के सदस्यों के साथ 311 पौधे लगाए। 10 अगस्त, 2023 को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत 75 पौधे लगाए। 14 अगस्त 2023 को लाड़ली बहनों के साथ 100 पौधे रौपे। इसके साथ ही अंकुऱ अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों की संख्या में पूरे प्रदेश में पौधरोपण किया गया।

संकल्प के तीन साल पूरे होने पर लोगों ने भेजी शुभकामनाएं
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन पौधरोपण संकल्प के तीन साल पूरे होने पर देश-प्रदेश के प्रमुख लोगों ने अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं। प्रसिद्ध गीतकार शंकर महादेवन, शान, नीति मोहन, मनोज मुंतशिर ने वीडियो जारी कर दी शुभमकामनाएं। पंडित प्रदीप मिश्रा जी, हार्टफुलनेस के प्रमुख कमलेश डी पटेल दाज जी, करणाधाम प्रमुख सुदेश शांडिल्य जी महाराज समेत कई पर्यावरणविदों ने शिव संकल्प के तीन साल पूरे होने पर बधाई संदेश भेजा है।

प्रतिदिन पौधरोपण से स्मार्ट सिटी पार्क हो रहा हराभरा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पौधरोपण के आह्वान के बाद, जनवरी 2022 से श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी उद्यान में अपने जन्मदिवस, विवाह वर्षगांठ या परिजनों की स्मृति में पौधे लगाने के लिए आने वाले लोगों की संख्या बढ़ती चली गई। पूर्व सीएम ने अधिकतर पौधे स्मार्ट सिटी उद्यान में ही लगाए हैं, निरंतर पौधरोपण होने से आज स्मार्ट सिटी पार्क हराभरा दिखाई देता है। स्मार्ट सिटी पार्क में शिवराज सिंह चौहान ने पारिजात, सप्तपर्णी, अशोक, कदम्ब, हरसिंगार, बेल पत्र, मौलश्री, शीशम, मुनगा, करंज, गुलमोहर, कचनार, हर्र, मधुकामिनी, अर्जुन, नीम, आंवला, विलायती इमली, हल्दू, नीला गुलमोहर, बॉटल ब्रश, कपूर आदि के पौधे लगाए हैं।

पूर्व सीएम ने 16 राज्यों एवं देश-विदेश के लोगों के साथ किया पौध-रोपण
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गुयाना गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफ़ान अली, सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी के साथ भी पौधरोपण किया।  पूर्व सीएम ने जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि जी, महाराज हार्ट फुलनेस संस्थान के वैश्विक अध्यक्ष परम पूज्य दाजी  कमलेश पटेल, परम पूज्य सदगुरु जग्गी वासुदेव ने भी पौधे लगाए। इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र के पर्यावरण कार्यक्रमों के कार्यकारी निदेशक रहे श्री एरिक सॉल्हिम, साउथ अफ्रीका टूरिज्म की हब प्रमुख नेलिस्वा जकाबी, विज्ञापन जगत की जानी-मानी हस्ती पद्मश्री पीयूष पाण्डेय, कश्मीर फाईल्स के निदेशक श्री विवेक अग्निहोत्री, फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, गीतकार शंकर महादेवन, शान, नीति मोहन, कैलाश खैर सहित खेल, कला-संस्कृति, शिक्षा जगत और राजनैतिक क्षेत्र के लब्ध प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भी मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ पौधरोपण किया। पूर्व सीएम ने अन्य राज्यों के प्रवास के दौरान लगभर 16 अलग अलग राज्यों में भी पौधरोपण किया।

पूर्व सीएम की अपील से मैं से हम में बदला पौधरोपण अभियान
पूर्व सीएम ने प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के बाद प्रदेशवासियों से भी पौधरोपण की अपील की। सभी अपने जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ, परिजनों की स्मृति सहित अन्य शुभ अवसरों पर पौधरोपण जरूर करें। उनके आह्वान के परिणामस्वरूप राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में पौधरोपण की गतिविधि को विस्तार मिला।  शिवराज सिंह चौहान की अपील के बाद देश एवं प्रदेश में यह परंपरा बन गई है। धीरे-धीरे इस अभियान ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि तीन साल में लाखों की संख्या में पौधरोपण हुआ और कई अन्य लोगों ने भी अपने जन्मदिवस व अन्य शुभ अवसरों पर पौधरोपण करने का संकल्प लिया।

पर्यावरण सम्मेलन होगा खास कई गणमान्य जन होंगे शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के पौधरोपण संकल्प के 3 साल पूरे होने पर आयोजित रविन्द्र भवन में मंगलवार को आयोजित होने वाला पर्यावरण सम्मेलन कई मायनों में विशेष रहने वाला है। जहां कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं संरक्षण को लेकर विशेषज्ञों द्वारा चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल के साथ कई नेताओं के साथ ही कार्यक्रम में हार्टफुलनेस संस्था के प्रमुख कमलेश डी पटेल दाजजी, जानेमाने पर्यावरणविद अनिल प्रकाश जोशी, गीतगार समीर अनजान के साथ कई पर्यावरण कई जाने माने पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ साथ, पतंजलि परिवार, गायत्री परिवार, रामकृष्ण परिवार समेत कॉलेज के छात्र, रहवासी समिति के सदस्य, व्यापारी संघ, लॉयंस क्लब, कर्मचारी संघ, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, सभी समाज के पदाधिकारी, रामकृष्ण मिशन, मराठी, किरार, कुणबी समाज, संस्कार भारतीय विध्यापीठ, कटारा पौधरोपण, भाजपा के सदस्य, युवा मोर्चा के सदस्य, नर्मदा सेवा समिति और पौधरोपण कार्य में जुटे हुए सभी एनजीओ के सदस्य मुख्य रूप से सम्मिलित होंगे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी