छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल के पिता का निधन, अंतिम संस्कार 10 जनवरी को

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 8 जनवरी 2024 (11:53 IST)
Condolence to former Chief Minister of Chhattisgarh Baghel : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) के पिता नंदकुमार बघेल (Nandkumar Baghel) का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे 89 वर्ष के थे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार शाखा के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि बघेल ने आज सुबह 6 बजे रायपुर के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से बीमार थे।

ALSO READ: महादेव बेटिंग ऐप मामले में ED का बड़ा खुलासा, फिर आया भूपेश बघेल का नाम
 
शुक्ला ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को रायपुर के शांतिनगर स्थित पाटन सदन में रखा जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री आज सोमवार दोपहर बाद दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट कर अपने पिता के निधन की सूचना दी।
 
10 जनवरी को होगा अंतिम संस्कार : बघेल ने लिखा है कि दु:ख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि बाबूजी श्री नंदकुमार बघेलजी का आज सुबह निधन हो गया। अभी पार्थिव शरीर को पाटन सदन में रखा गया है। मेरी छोटी बहन के विदेश से लौटने के बाद अंतिम संस्कार 10 जनवरी को हमारे गृह ग्राम कुरुदडीह में होगा। बघेल ने अपने पिता के साथ एक फोटो भी साझा की है।
 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नंदकुमार बघेल के निधन पर दु:ख जताया है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिवारजनों को दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में विधानसभा चुनाव के दौरान अपने पिता के अस्वस्थ होने की जानकारी दी थी।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी