Weather Updates: कश्मीर से हिमाचल तक बर्फबारी, इन राज्यों में चली शीतलहर

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 31 जनवरी 2024 (08:53 IST)
Weather Updates: जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) और हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में बर्फबारी (Snowfall) जारी है तथा दिल्ली में सर्दी (cold) का पिछले 13 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। दिल्ली (Delhi) में इस महीने 30 जनवरी तक औसत अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 13 वर्षों में सबसे कम है। मंगलवार तक के आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई।
 
आंकड़ों के अनुसार इसी अवधि के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में औसत न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 13 वर्षों में दूसरी बार सबसे कम रहा। दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहा और सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

ALSO READ: Weather Updates: हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी, उत्तर भारत में छाया घना कोहरा
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक 1 से 30 जनवरी के दौरान दिल्ली में औसत अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 13 वर्षों में सबसे कम है। जनवरी 2012 में पूरे महीने का औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 19.7 डिग्री सेल्सियस और 7.5 डिग्री रहा था जबकि जनवरी 2013 में यह क्रमश: 19 डिग्री और 6.1 डिग्री दर्ज किया गया था।
 
मौसम कार्यालय ने बुधवार को अधिकांश स्थानों पर घने कोहरे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ छींटें पड़ने का अनुमान जताया है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 10 डिग्री सेल्सियस और 19 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

 
जम्मू-कश्मीर में 40 दिनों की कठोर सर्दियों की अवधि 'चिल्लईकलां' समाप्त : श्रीनगर से मिले समाचारों को अनुसार जम्मू-कश्मीर में भीषण ठंड की 40 दिन की अवधि 'चिल्लईकलां' मंगलवार को समाप्त हो गई। इस अवधि में कश्मीर के मैदानी इलाकों में कोई बर्फबारी नहीं हुई और घाटी के ऊपरी क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
हालांकि 40 दिनों की इस कठोर सर्दी वाली अवधि के आखिरी दिनों में घाटी के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई थी। इस अवधि में घाटी में सर्वाधिक बर्फबारी होने की संभावना रहती है। इस दौरान घाटी में लंबे समय तक शुष्क मौसम बना रहा और मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई।

ALSO READ: Weather Updates: उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी, इन राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट, कहां होगी बारिश
 
'चिल्लईकलां' में घाटी में भयंकर शीतलहर का प्रकोप रहता है और तापमान जमाव बिंदु तक नीचे चला जाता है जिससे जलाशयों के साथ-साथ पाइपों में भी पानी जम जाता है। 'चिल्लईखुर्द' जिसकी अवधि 20 दिन होती है और 10 दिन की 'चिल्लई बच्चा' के साथ 'चिल्लईकलां' की समाप्ति के बाद भी कश्मीर में ठंड की स्थिति जारी है।
 
इस बीच जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 3.6 डिग्री सेल्सियस से कम है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान 0 से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंड में 0.4 डिग्री सेल्सियस, कोकेरनाग में 0.7 डिग्री सेल्सियस और कूपवाड़ा में 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 0 से 0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा।
 
मौसम विज्ञानियों ने मंगलवार दोपहर से 1 फरवरी तक केंद्र शासित प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। कुपवाड़ा, बांदीपोरा, बारामूला, गांदरबल, शोपियां, कुलगाम में कुछ ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है। क्षेत्र में मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा और 2 फरवरी को कुछ ऊपरी इलाकों में बहुत हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। 3 से 4 फरवरी तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है जिसके बाद 10 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा।

ALSO READ: आखिर कश्मीरियों की दुआ हुई कबूल, बर्फ गिरी पर मामूली सी
 
चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में 5.8 किमी ऊपर एक गर्त के रूप में है। यह 32° उत्तर अक्षांश के उत्तर में 60 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ चल रहा है। चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और इससे सटे पंजाब और हरियाणा पर है। 3 फरवरी से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। जेट स्ट्रीम हवाएं औसत समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 142-160 नॉट की रफ्तार से चल रही हैं।
 
कैसा रहेगा आज का मौसम? : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज बुधवार को गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। 24 घंटों के बाद पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, दिल्ली एनसीआर के कुछ हिस्सों और उत्तरी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
 
सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तरप्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छा सकता है। राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। पूर्वी उत्तरप्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में ठंडे दिन की स्थिति जारी रह सकती है।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी