Weather Updates: पूर्वी राज्यों से दक्षिण भारत तक Heat Wave जारी, IMD ने जारी किया अलर्ट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 24 अप्रैल 2024 (08:41 IST)
Weather Updates: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि पूर्वी भारत के एक बड़े हिस्से में हीटवेव (heat wave) लगातार जारी है और मंगलवार को यह देश के दक्षिणी हिस्सों में भी फैल गई। ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के किनारे वाले क्षेत्रों, आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 7 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। आईएमडी ने तेज गर्मी (extreme heat) का अलर्ट जारी किया है।

ALSO READ: Weather Update : भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, कई राज्‍यों में बारिश का अलर्ट
 
आंध्र के इन नगरों में पारा 42 डिग्री के ऊपर : आंध्रप्रदेश के अनंतपुर में पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस, कुरनूल में 43.2 डिग्री सेल्सियस, तमिलनाडु के सेलम में 42.3 डिग्री सेल्सियस और इरोड में 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस महीने में हीटवेव का यह दूसरा दौर है।
 
पश्चिम बंगाल में हीटवेव की स्थिति : मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल से ओडिशा और 17 अप्रैल से पश्चिम बंगाल में गंगा के किनारे वाले क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। आईएमडी ने एक बयान में कहा कि अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भीषण हीटवेव चलने का पूर्वानुमान है।

ALSO READ: प. बंगाल सरकार में तेज गर्मी के मद्देनजर गर्मी की छुट्टियां समय से पहले घोषित
 
अगले 5 दिनों के दौरान इन राज्यों में हीटवेव का अनुमान : अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, बिहार, सिक्किम, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में हीटवेव से भीषण हीटवेव चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि उच्च आर्द्रता तटीय आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, गोवा, केरल, असम, मेघालय, त्रिपुरा और बिहार में लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
 
फिलहाल नहीं मिलेगी राहत : मौसम विभाग की ओर से ताजा पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पूर्वी-दक्षिणी भारत को फिलहाल झुलसाने वाली गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि पूर्वी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में अगले 5 दिनों तक हीट वेव का प्रकोप रहेगा।

ALSO READ: Weather Updates: भीषण गर्मी के बीच राहतभरा हुआ मौसम, कई राज्यों में हुई वर्षा, IMD का अलर्ट
 
कुछ इलाकों में हालात गंभीर बने रहने की आशंका जताई गई है। खासकर बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड जैसे प्रांतों में दिन के समय तेज गर्म हवा के साथ लू चल रहा है। हीट वेव कंडीशन को देखते हुए अस्‍पतालों को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है ताकि किसी भी तरह के हालात से निपटा जा सके।
 
दिल्‍ली NCR में गर्मी से मिली राहत : दिल्‍ली NCR के लोगों को फिलहाल झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली हुई है। मंगलवार शाम को तेज हवा के साथ बारिश होने के कारण तापमान में कमी आई है। इसका असर बुधवार को देखा गया। सुबह ठंडी-ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत प्रदान की। मौसम विभाग ने हालांकि आने वाले कुछ दिनों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने की संभावना जताई है। मई के महीने में दिल्‍ली NCR में भी लू चलने की संभावना जताई गई है।
 
पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर : पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में है और यह समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। पूर्वोत्तर बांग्लादेश पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक और चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों पर है। चक्रवाती परिसंचरण मराठवाड़ा और उससे सटे पश्चिम विदर्भ पर है, जो समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
 
एक ट्रफ रेखा दक्षिण से छत्तीसगढ़ तक विदर्भ और मराठवाड़ा पर चक्रवाती परिसंचरण से होते हुए दक्षिण केरल तक फैली हुई है। दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 26 अप्रैल से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के करीब पहुंच सकता है।
 
अगले 24 घंटों की संभावित गतिविधि : अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी असम और अरुणाचलप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अरुणाचलप्रदेश में हल्की से मध्यम बर्फबारी संभव है। पश्चिमी हिमालय पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ छिटपुट बर्फबारी संभव है।
 
ओडिशा, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, विदर्भ, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, केरल और लक्षद्वीप में छिटपुट बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्यप्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण पूर्व गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी