फिर किया भारत की लड़कियों ने कमाल, दूसरी बार एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी का खिताब जीता

सोमवार, 6 नवंबर 2023 (12:33 IST)
Indian Women's Hockey Team : भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को एकतरफा फाइनल में जापान को 4-0 से हराकर एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी (Asian Champions Trophy) का खिताब जीत लिया।
 
 
भारत के लिए  Sangita Kumari (17वें मिनट), Neha (46वें मिनट), Laremsiami (57वें मिनट) और Vandana Katariya (60वें मिनट) ने गोल दागे। संगीता और वंदना ने मैदानी गोल दागे जबकि नेहा और लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए।

कोबायाकावा शिहो ने 22वें मिनट में जापान के लिए गोल किया था लेकिन वीडियो रेफरल के बाद उनके इस प्रयास को खारिज कर दिया गया। जापान को 52वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला था लेकिन काना उराता के शॉट को भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया (Savita Punia) ने रोक दिया।
 
भारत ने इससे पहले टूर्नामेंट के लीग चरण और एशियाई खेलों (Asian Games) के कांस्य पदक के प्लेऑफ में भी जापान को 2-1 के समान अंतर से हराया था।
हांगझोउ एशियाई खेलों (Hangzhou Asian Games) में स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
 
चेन यी (तीसरे मिनट) और लूओ टियानटियान (47वें मिनट) ने चीन के लिए गोल दागे। कोरिया के लिए मैच का इकलौता गोल अन सुजिन ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया।
 
चीन ने इससे पहले एशियाई खेलों के फाइनल में भी कोरिया को 2-0 से हराया था।  
(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी