UP के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को जान से मारने की धमकी, वीडियो वायरल

सोमवार, 4 मई 2020 (17:45 IST)
कासगंज। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को जान से मारने की धमकी देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से भारतीय जनता पार्टी नेताओं में आक्रोश व्याप्त है।

भाजपा सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के खिलाफ अभद्र टिप्पणी तथा जान से मार देने की धमकी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने से कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

पिछले दिनों व्‍हाटसअप पर एक युवक का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियों में युवक अभद्र टिप्पणी के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को गोली मारने की धमकी दे रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। भाजपा नेता डॉ. बीडी राना, सभासद नेत्रपाल सिंह, अमित राजपूत, पूर्व जिला मीडिया प्रभारी व नामित सभासद संजय पुंढीर थाने पहुंचे। उन्होंने वीडियो के साथ में तहरीर देते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

कोतवाली इंस्पेक्टर डीके दुबे का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

गौरतलब है कि कल्याण सिंह का कासगंज जिले से काफी गहरा लगाव है। कल्याण सिंह एटा कासगंज लोकसभा सीट से सांसद भी रह चुके हैं और वर्तमान में उनके पुत्र राजवीर सिंह उर्फ़ राजू एटा कासगंज लोकसभा से सांसद हैं।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी