ये बॉलीवुड है और यहाँ रिश्तों के समीकरण आपकी सफलता या असफलता से बनते बिगड़ते हैं। कल तक प्रियंका चोपड़ा और विशाल भारद्वाज साथ-साथ मिलकर लोगों से ‘सात खून माफ’ देखने की अपील कर रहे थे। प्रियंका की विशाल और विशाल की प्रियंका जी भर कर तारीफ कर रहे थे, लेकिन सुनने में आया है कि ‘सात खून माफ’ के पिटते ही विशाल ने अपनी अगली फिल्म से प्रियंका को हटा दिया है।
WD
शाहरुख खान और विशाल के साथ काम करने की चर्चा लंबे समय से चल रही थी। आखिरकार चेतन भगत द्वारा लिखित पुस्तक ‘2 स्टेट्स’ पर दोनों की सहमति बनी। साजिद नाडियाडवाला फिल्म के निर्माता बन गए।
बात जब हीरोइन की आई तो विशाल ने झट से प्रियंका का नाम सामने कर दिया। ‘कमीने’ के बाद विशाल और प्रियंका के बीच अच्छी बनने लगी थी और विशाल को लग रहा था कि ‘सात खून माफ’ भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रहेगी। ऐसा हो न सका और खफा होकर प्रियंका को शाहरुख वाली फिल्म से हटा दिया गया। अब नई नायिका की तलाश है।
बॉलीवुड के कुछ लोगों का कहना है कि ‘2 स्टेट्स’ पर बनने वाली फिल्म से प्रियंका को हटाने के लिए विशाल अकेले जिम्मेदार नहीं हैं। इस फिल्म से जुड़े लोगों ने ही उन पर ऐसा करने के लिए दबाव बनाया।
मामला कुछ भी हो, लेकिन सजा तो प्रियंका को मिल गई। ‘सात खून माफ’ के फ्लॉप होने का सिर्फ उन्हें जिम्मेदार मानना तो गलत है।