अहमदाबाद टेस्ट : 8/521 पर भारतीय पारी घोषित

शुक्रवार, 16 नवंबर 2012 (17:12 IST)
FILE
इंग्लैंड के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट में भारत काफी अच्छी स्थिति में पहुंच गया है। चेतेश्वर पुजारा के नाबाद 206 रनों की बदौलत भारत ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 521 रनों के विशाल स्कोर पर घोषित की। इस शानदार स्कोर में सहवाग के 117 और युवराज के 74 रन भी शामिल थे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड 41 रन के कुल स्कोर पर तीन विकेट गंवा चुका था।

मैच के दूसरे दिन का आकर्षण पुजारा का नाबाद दोहरा शतक रहा। पहले दिन वे 98 रनों पर नाबाद थे और आज दिन भर उन्होंने अंग्रेज गेंदबाजों की जमकर लू उतारी और धोनी द्वारा पारी घोषित करने के पूर्व वे 206 रनों पर क्रीज में डटे हुए थे। इंग्लैंड की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज ग्रीम स्वान रहे जिन्होंने पांच विकेट हासिल किए।

चेतेश्वर पुजारा की बेमिसाल पारी को स्थानीय दर्शक लंबे समय तक याद रखेंगे। राजकोट में जन्में 24 वर्षीय पुजारा ने अपने करियर के बेहतरीन तीन शतक और इस टेस्ट मैच का दोहरा शतक जड़कर भारत के स्कोर को सम्मानजन स्थिति में पहुंचाने में महती भूमिका अदा की।

अपना छठा टेस्ट मैच खेल रहे इस बल्लेबाज ने लगभग आठ घंटे क्रीज पर बिताए हैं। वह मंसूर अली खां पटौदी, सुनील गावस्कर, गुंडप्पा विश्वनाथ, विनोद कांबली और राहुल द्रविड़ के बाद इंग्लैंड के खिलाफ दोहरा शतक जड़ने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए।

इससे पहले युवराज (74) लंच के बाद अधिक देर तक नहीं टिक पाए और बाएं हाथ के स्पिनर समित पटेल की फुलटॉस पर लांग ऑन पर खड़े स्वान को कैच देकर पैवेलियन लौटे।

पुजारा और युवराज ने पांचवें विकेट के लिए 130 रन जोड़े। इन दोनों ने पहले सत्र में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। भारतीय कप्तान धोनी केवल 39 मिनट क्रीज पर रहे और इस बीच उन्होंने पांच रन बनाए। स्वान की गेंद पर वह अपना धर्य खो बैठे और स्वीप करने के प्रयास में गेंद अपने विकेटों में खेल गए। धोनी के आउट होने के बार अश्विन ने पुजारा का अच्छा साथ दिया। गेंद हालांकि लगातार नीची रह रही है और इस तरह के विकेट पर शॉट खेलना मुश्किल होता जा रहा है। इससे रन गति पर भी असर पड़ा।

हालांकि युवराज सिंह ने भी धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 74 रन बनाकर पटेल की गेंद पर स्वान के हाथों लपके गए। इसके बाद स्वान ने महेंद्र सिंह धोनी को अपना पांचवां शिकार बनाया। धोनी सिर्फ पांच रन ही बना सके। आर अश्विन 23 रन बनाकर पीटरसन की गेंद पर प्रायर के हाथों लपके गए। भारत का यह सातवां विकेट 510 रन के कुल योग पर गिरा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए जहीर खान सात रन बनाकर एंडरसन की गेंद पर आउट हो गए।

इंग्लैंड की बेहद खराब शुरुआत : स्पिन लेते विकेट पर इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और 30 रन के भीतर ही उसने तीन विकेट गंवा दिए थे। निक क्रॉम्पटन 9, जेम्स एंडरसन 2 और जोनाथन ट्रॉट 0 पर पैवेलियन लौट चुके थे। अश्विन ने 2 और प्रज्ञान ओझा को 1 विकेट मिला।

दूसरे दिन का खेल जब समाप्त हुआ, तब तक इंग्लैंड 18 ओवर में 41 रन के कुल स्कोर पर तीन विकेट गंवाकर संघर्ष कर रहा था। एलेस्टेयर कुक 22 और केविन पीटरसन 6 रन बनाकर क्रीज पर थे। (वेबदुनिया न्यूज)

अहमदाबाद टेस्ट मैच का स्कोर बोर्ड

वेबदुनिया पर पढ़ें