क्रिकेट का सच्चा हीरा हैं तेंदुलकर-वीवीएस लक्ष्मण

गुरुवार, 10 अक्टूबर 2013 (21:38 IST)
FILE
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय महान खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण और अनिल कुंबले ने 'लिटिल मास्टर' सचिन तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट से अलविदा कहने के फैसले का सम्मान करते हुए उन्हें सही मायने में आदर्श और क्रिकेट का महान एम्बेसडर करार दिया

लक्ष्मण ने कहा, मैं सचिन को उनके शानदार करियर के लिए बधाई देना चाहूंगा। उन्होंने भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में लाखों क्रिकेट प्रशंसकों का मनोरंजन किया है। उनके आंकड़े, रिकॉर्ड और उन्होंने जितने रन बनाए और शतक जड़े हैं, उनकी तुलना नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा, सचिन जिस तरह के व्यक्ति हैं, मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। उन्होंने जितनी उपलब्धियां हासिल की हैं, वे हमेशा विनम्र रहते हैं, वे सचमुच आदर्श खिलाड़ी है, यही चीज उन्हें विशेष बनाती है। उन्होंने क्रिकेट का सम्मान किया है।

लक्ष्मण ने विजडन इंडिया से कहा, वे अपने सीनियर खिलाड़ियों का सम्मान करते हैं लेकिन वे जूनियर खिलाड़ियों के लिए भी हमेशा उपलब्ध रहते हैं। वे हमेशा अपने अनुभव और ज्ञान से उन्हें प्रेरित करते रहते हैं। मैं उनके माता-पिता को बधाई देना चाहूंगा जिन्होंने उन्हें ऐसी शिक्षा दी। मैं अंजलि, उनके बच्चों और उनके पूरे परिवार को बधाई देना चाहूंगा जिन्होंने क्रिकेटिया दुनिया को सच्चा हीरा दिया है।

FILE
कुंबले ने कहा, कभी न कभी ऐसा होना ही था। इसके बारे में काफी बातचीत हो रही थी। उनका करियर शानदार है, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 24 साल, खेल के सभी प्रारूपों में 50000 रन और फिर भी उनके अंदर भूख मौजूद है। मैंने उन्हें खिलाड़ी, कप्तान और मेंटर के रूप में करीब से देखा है, मैं कह सकता हूं कि उनके अंदर अब भी भूख बाकी है।

उन्होंने कहा, यह सभी के लिए दुखद का क्षण है लेकिन यह उनके शानदार करियर का जश्न मनाने का भी क्षण है। वे महान खिलाड़ी हैं और क्रिकेट के महान एम्बेसडर हैं, उन्होंने कई युवाओं को खेल चुनने के लिए प्रेरित किया है। यह भावुक क्षण होगा।

कुंबले ने कहा, करीब 25 साल तक, वे सभी प्रारूपों में टीम का हिस्सा रहे हैं। उनकी कमी निश्चित रूप से खलेगी। मेरी इच्छा है कि वे अच्छे प्रदर्शन से अलविदा कहें। वे जिंदगी में हर चीज के हकदार हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें