राष्ट्रपति की देशवासियों को शुभकामनाएँ

शुक्रवार, 9 नवंबर 2007 (11:46 IST)
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह ने आज देशवासियों को दीपावली के अवसर पर अपनी शुभकामनाएँ दीं।

राष्ट्रपति ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि मैं दीपावली की खुशियों से भरे इस शुभ अवसर पर समस्त देशवासियों को अपनी हार्दिक बधाई देती हूँ। दीपावली एक प्रकाशोत्सव है, जहाँ परिवार और दोस्त एक साथ मिलकर खुशियाँ बाँटते हैं।

उन्होंने कहा कि आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब उन लोगों की सहायता करें, जो शिक्षा व स्वास्थ्य लाभ से वंचित और गरीबी से ग्रस्त हैं। ईश्वर करे कि यह दीपावली सभी देशवासियों के जीवन में खुशियाँ और उल्लास लाए।

उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर कहा कि दीपावली एक सच्चा राष्ट्रीय पर्व है और जो सभी लोगों को उम्मीदों के अवसर प्रदान करता है। यह त्योहार अपने जीवन के मूल्यों को परखने का अच्छा अवसर प्रदान करता है।

प्रधानमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि यह रोशनी का उत्सव है, जो खुशी, प्रसन्नता और समृद्धि लाता है। यह बुराई पर अच्छाई, अज्ञान पर ज्ञान और अंधेरे पर रोशनी की जीत का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि यह ऐसा राष्ट्रीय त्योहार है, जिसे देश के सभी समुदाय के लोगों द्वारा मनाया जाता है। इसमें सब लोग मिलकर खुशियाँ मनाते हैं और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कामना की कि यह त्योहार लोगों के जीवन में शांति और समृद्धि लाए।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने दीपावली पर देशवासियों को शुभकामनाएँ दीं और देश में शांति एवं समृद्धि की कामना की है। उन्होंने कामना की कि खुशियों का यह त्योहार देश में शांति, समृद्धि तथा प्रगति लाए और परिवार, समुदाय तथा मैत्री के बंधनों को मजबूत करे।

वेबदुनिया पर पढ़ें