भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

गुरुवार, 30 अप्रैल 2009 (16:03 IST)
भाजपा कार्यकर्ता इंद्रजीत उर्फ टुनटुन सिंह की गुरुवार को व्यस्त इलाके मैंगो गोलचक्कर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि 35 वर्षीय टुनटुन स्थानीय अदालत में पेश होने जा रहे थे तभी मोटरसाइकिल पर आए हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।

पूर्व छात्रनेता टुनटुन को तुरंत टाटा अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक नवीन सिंह ने घटना के तुरंत बाद घटना स्थल पर पहुँचकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सरयू राय और विधायक चंद्रशेखर मिश्रा ने घटना की जाँच करने के लिए अस्पताल का जायजा लिया। बाद में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राय ने कहा कि जिला प्रशासन इलाके में आपराधिक घटनाओं को रोकने में असफल साबित हो रहा है।

मिश्रा ने घटना की जाँच की माँग करते हुए कहा कि अगर हत्यारों को तुरंत नहीं पकड़ा गया तो वे आंदोलन करेंगे। पाँच वर्ष पूर्व टुनटुन के पिता चंद्रशेखर सिंह की भी इसी इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

वेबदुनिया पर पढ़ें