नेपानगर नगर पालिका अब बनेगी नगर परिषद

गुरुवार, 2 फ़रवरी 2012 (00:44 IST)
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल द्वारा जारी निर्देशानुसार नेपानगर नगर पालिका अब नगर परिषद में तब्दील हो जाएगी। जारी निर्देशों पर यदि गौर करें तो सुविधाओं तथा कर वसूली के मामले में नगर पालिका काफी पीछे है। ऐसे में नपा का नगर परिषद बनना तय है।


नगरीय प्रशासन के प्रमुख सचिव एसपीएस परिहार द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि नगर परिषद के लिए 20 हजार से अधिक तथा 50 हजार से कम जनसंख्या होनी चाहिए। नगर पालिका के लिए 50 हजार से अधिक तथा 3 लाख से कम जनसंख्या होना जरूरी है, लेकिन नेपानगर में देखा जाए तो यहाँ वर्तमान में केवल 29 हजार 675 कुल जनसंख्या दर्ज है। अर्थात यह नपा वर्तमान में प्रमुख सचिव के जारी निर्देशों के अनुसार नगर परिषद में आ जाएगी।


राजस्व वसूली भी कम

निर्देश में यह भी लिखा है कि वसूल किया जाने वाला राजस्व भी 10 लाख रुपए हो। यह शर्त यहाँ पूरी होती नहीं दिख रही। नेपानगर नपा द्वारा वार्षिक राजस्व वसूली भी पर्याप्त मात्रा में नहीं हो पा रही है। अर्थात नए निर्देशों के अनुरूप नहीं हो रही है।


5 वार्डों पर ही स्वामित्व

नगर में ज्यादातर हिस्सा नेपा मिल के स्वामित्व क ी भूमि का है। 24 वाडोर्ं में से केवल 5 वार्डों पर ही नपा का पूर्ण स्वामित्व है। शेष 18 वार्डों पर नेपा मिल स्टेट एरिया में होने के कारण पालिका का स्वामित्व नहीं है। वहीं स्वयं का भवन भी न होने से नपा किराए के भवन में संचालित की जा रही है। जलप्रदाय का दायरा भी कम है। कुछ क्षेत्रों को छोड़ दें तो समूचे नगर में नेपा मिल द्वारा पेयजल वितरण किया जाता है। नगर में लगने वाले मातापुर बाजार की वसूली नेपा मिल द्वारा की जाती है। यहाँ पर मिल द्वारा समूचे नगर में सड़क, बिजली, पानी और नाली की व्यवस्था की जाती है लेकिन अब कुछ जगहों पर नपा द्वारा काम कराया जाने लगा है। कहा जा सकता है कि यहा सिर्फ 5 वार्डों के लिए नपा का गठन किया गया है। जिन क्षेत्रों में नपा का पूर्ण स्वामित्व बना है उनमें सातपायरी, अंधारवाड़ी, इंदिरा गाँधी, भातखेड़ा, चूनाभट्टा, आदर्श नगर एवं बीड आदि शामिल हैं।-निप्र

वेबदुनिया पर पढ़ें