'जनता को भ्रमित कर रही कांग्रेस'

बुधवार, 11 जनवरी 2012 (01:10 IST)
मप्र के साथ केंद्र में बैठी यूपीए सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। कोयले का आवंटन तय कोटे के अनुसार नहीं किया जा रहा है। इस वजह से प्रदेश में बिजली संकट बना हुआ है। खाद का कोटा नहीं मिलने से प्रदेश के किसान परेशान हैं। केंद्र सरकार प्रदेश की जनता को बुनियादी मुद्दों पर भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। यह बात मंगलवार दोपहर फोरजीरो तिराहे पर केंद्र सरकार की नितियों के खिलाफ भाजपा के धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य रघुनंदन शर्मा ने कही।


सोमवार को जिले में हुए कांग्रेस के जेल भरो आंदोलन में नेताओं भाजपा पर जमकर आरोप लगाए थे। आंदोलन के दूसरे दिन मंगलवार को भाजपा ने प्रदर्शन कर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। सांसद श्री शर्मा ने कहा कि भ्रष्ट तंत्र को लोकतंत्र बताया जा रहा है। जनलोकपाल बिल कांग्रेस के कारण पारित नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस लोकपाल बिल पूरी ईमानदारी से लागू करना नहीं चाहती। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। जावद विधायक ओप्रकाश सकलेचा ने कहा कि केंद्र सरकार की गलतियों से प्रदेश की जनता परेशान हो रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि देश में बढ़ती महँगाई कांग्रेस की देन है। धरना प्रदर्शन को पूर्व मंत्री कैलाश चावला, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विश्वदेव शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री हेमंत हरित, सुखलाल सेन, नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जोशी, मनासा मंडल अध्यक्ष सुनील यजुर्वेदी, भाजपा नेत्री हेमलता धाकड़, पार्षद विजय बाफना, मनीष चौरसिया सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। -निप्र

वेबदुनिया पर पढ़ें