फतह करेंगे मिशन 2013

सोमवार, 31 अक्टूबर 2011 (01:05 IST)
प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी तथा प्रवक्ता बनने के बाद प्रमोद गुगालिया पहली बार रतलाम में रविवार को महू रोड स्थित होटल गोल्डन टॉवर में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि सांसद कांतिलाल भूरिया के प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद लगातार पार्टी मजबूत होती जा रही है। वर्ष 2013 में होने वाले विधानसभा चुनाव को फतह करने की पूरी तैयारी चल रही है। पार्टी में युवाओं को अवसर दिया जा रहा है। रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष और ग्रामीण अध्यक्ष अनुभवी नहीं है, लेकिन वे अच्छा काम कर रहे हैं। इससे पार्टी को मजबूती मिल रही है।


श्री गुगालिया ने कहा कि गुटबाजी के कारण कांग्रेस कमजोर हो रही थी, लेकिन अब काफी हद तक गुटबाजी समाप्त हो चुकी है। सभी नेता एक मंच से कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने में जुटे हैं। जनता की समस्याओं को लेकर समय-समय पर कांग्रेस आंदोलन कर रही है। इसमें आमजन का काफी सहयोग मिल रहा है। बिजली, खाद, बीज और दवाई के लिए प्रदेश के सभी जिले में 15 नवंबर के बाद आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष श्री भूरिया द्वारा रणनीति बनाई जा रही है।


घोषणावीर हैं शिवराजसिंह

श्री गुगालिया ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार की कथनी और करनी में काफी अंतर है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान घोषणावीर हैं। वे अब तक कई घोषणाएँ कर चुके हैं, लेकिन उसे अमलीजामा पहनाने में नाकाम रहे हैं। सड़क, बिजली, पानी जैसी समस्याओं को शीघ्र हल करने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा पूरी तरह नाकारा साबित हुई है। चर्चा के दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव निमिष व्यास, कांग्रेस नेता जोएब आरिफ, विनोद मिश्रा मामा आदि मौजूद थे।-निप्र

वेबदुनिया पर पढ़ें